World Cup 2023, IND (India) vs SA (South Africa) ODI Pitch Report Eden Gardens, Kolkata Weather Forecast Today: विश्व कप 2023 में आज का मुकाबला भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमों के बीच खेला जाएगा। ये मुकाबला दोनों के लिए सेमीफाइनल में अभ्यास मैच की तरह रह गया है। दोनों ही टीमें सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने लगातार सात जीत के बाद सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया था। वहीं शनिवार को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मुकाबले के कुछ देर बाद दक्षिण अफ्रीका के सेमीफाइनल में पहुंचने की आधिकारिक तौर पर पुष्टि हो गई। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे मुकाबले की दूसरी पारी के दौरान यह खबर आई। ऐसे में अब भारत दक्षिण अफ्रीका के बीच टॉप पर रहने की जंग होगी। अगर भारतीय टीम इस मैच को अपने नाम कर लेती है तो ग्रुप दौर में वो अंत तक नंबर वन बनी रहेगी। ऐसे में इस मुकाबले की अहमियत बढ़ गई है।
भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच में कैसी होगी पिच रिपोर्ट? (IND vs SA Pitch Report)
कोलकाता के इडेन गार्डन्स की पिच को बल्लेबाजी के लिए अच्छा माना जाता है। यहां पर बल्लेबाज जमकर रन बनाते हैं। हालांकि विश्व कप इस मैदान पर अबतक खेले गए दो मुकाबलों में टीमें बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही हैं। कोलकाता की पिच पर अच्छा उछाल मिलता है ऐसे में बल्लेबाजों को यहां शॉट खेलने में आसानी होती है।
शुरुआती ओवरों में यहा तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। बाद के ओवरों में स्पिनर्स की भूमिका अहम हो जाती है। यहां तेज गेंदबाजों ने स्पिनर्स की तुलना में बेहतर स्ट्राइक रेट से विकेट चटकाए हैं। वहीं दूसरी तरफ स्पिनर्स का इकोनॉमी रेट ज्यादा है। इस मुकाबले से पहले इस मैदान पर नीदरलैंड-बांग्लादेश और बांग्लादेश-पाकिस्तान के बीच मुकाबले खेले गए हैं। दोनों मुकाबले लो स्कोरिंग रहे हैं। लेकिन भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबले में ऐसा होता नहीं दिख रहा है। दोनों टीमों के बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं। ऐसे में पिछले दो मैच के समीकरण भारत-दक्षिण अफ्रीका मुकाबले में बदलेंगे और यहां चौकों-छक्कों की जमकर बारिश होगी। जो कप्तान टॉस जीतेगा वो पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगा।
आज कैसा होगा कोलकाता का मौसम? (Kolkata Weather Today)
रविवार को कोलकाता में गर्मी रहेगी। दोपहर में तापमान तकरीबन 32 डिग्री तक पहुंच जाएगा। रात के समय तापमान में पांच डिग्री के आसपास गिरावट आएगी। इसका मतलब दूसरी पारी में ओस की भूमिका अहम रहेगी। बारिश की संभावना नहीं है। लेकिन प्रदूषण थोड़ा ज्यादा है। कोलकाता का AQI रविवार को 160 के आसपास रहेगा।
भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें:
भारत:
रोहित शर्मा(कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली. श्रेयस अय्यर, केएल राहुल(विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।दक्षिण अफ्रीका:
क्विंटन डिकॉक(विकेटकीपर), टेब्बा बावुमा(कप्तान), रासी वान डर डुसें, एडेन मार्करम, डेविड मिलर, हेनरिक क्लासेन, मार्को जानसेन, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी नगिडी, तबरेज शम्सी/गेराल्ड कोएत्जी।
