World Cup 2023, IND (India) vs AFG (Afghanistan) ODI Pitch Report Arun Jaitley Stadium, Delhi Weather Forecast Today: आईसीसी वनडे क्रिकेट विश्व कप 2023 के नौवें मुकाबले में आज भारत और अफगानिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों में भारत का पलड़ा भारी है लेकिन ये विश्व कप है और यहां रोमांच किसी भी हद तक जा सकता है। भारत के कप्तान होंगे रोहित शर्मा (Rohit Sharma), वहीं अफगानिस्तान के कप्तान होंगे हश्मातुल्लाह शाहिदी (Hasmatullah Shahidi)।
भारत-अफगानिस्तान मैच पिच रिपोर्ट
भारत और अफगानिस्तान क्रिकेट टीमों के वनडे इतिहास को देखें तो दोनों टीमों के बीच अब तक सिर्फ तीन वनडे मुकाबले हुए हैं। यहां दिलचस्प आंकड़ा ये है कि इन तीन मुकाबलों में दो मैच भारत ने जीते हैं जबकि एक मैच टाई भी रहा है। भारत-अफगानिस्तान के बीच अब तक वनडे विश्व कप क्रिकेट इतिहास में सिर्फ एक मैच खेला गया है और वो मुकाबला टीम इंडिया ने जीता था। दोनों टीमों में कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं जो अकेले दम पर मैच का रुख पलटने का दम रखते हैं। वैसे भारतीय क्रिकेट टीम में इनकी संख्या काफी ज्यादा है लेकिन अफगान टीम में भी राशिद खान (Rashid Khan), हश्मातुल्लाह शाहिदी और गुरबाज जैसे कुछ खिलाड़ी हैं जो कभी भी कमाल कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं कि आज के मैच में इन दोनों टीमों को कैसे पिच मिलने के आसार हैं और कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम।
भारत-अफगानिस्तान मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी? (IND vs AFG Pitch Report)
टीम इंडिया और अफगानी टीम के बीच मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पर खेला जाना है। ये विराट कोहली का घर है और यहां वो किसी भी तरह के दबाव में नहीं होंगे और सभी की नजरें उन पर रहेंगी। यहां की पिच और मैदान से भी वो अच्छी तरह वाकिफ हैं। दिल्ली की पिच की बात करें तो यहां रनों की बारिश हमेशा से ही होती रही है और इस बार भी कुछ अलग होने के आसार नहीं लग रहे हैं, खासतौर पर अगर भारत पहले बल्लेबाजी करने उतरा। इस विश्व कप में दिल्ली के मैदान पर अब तक सिर्फ एक मुकाबला खेला गया है और वो मैच रनों से भरा रहा था। दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के बीच खेले गए उस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर रिकॉर्डतोड़ 428 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया था। जब श्रीलंकाई टीम जवाब देने उतरी तो उनका बल्ला भी कम नहीं गरजा। श्रीलंका को हार तो मिली लेकिन फिर भी वो 326 रन बनाकर ऑलआउट हुए। ऐसे में ये तय दिख रहा है कि तेज गेंदबाजों और स्पिनर्स (खासतौर पर जो आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे हैं), वे इस मैदान पर बल्लेबाजों को रोकने का पूरा प्रयास कर सकते हैं लेकिन कुल मिलाकर ये पिच बल्लेबाजों की ही है।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम? (Delhi Weather Today)
मुकाबला दिल्ली में खेला जा रहा है और सालों बाद भारत में विश्व कप साल के इस हिस्से में खेला जा रहा है जहां धीरे-धीरे सर्दी दस्तक दे रही है। भारत-अफगानिस्तान मुकाबला दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। अच्छी बात ये है कि यहां बारिश की कोई उम्मीद नहीं है और फैंस को एक अच्छा व पूरा मुकाबला देखने को मिल सकेगा। उमस भी इतनी नहीं रहेगी जितना कि बाकी के मैदानों में देखी जा रही है। दिन में धूप रहेगी लेकिन बादलों की आवाजाही भी जारी रहेगी। अगर बात करें तापमान की तो आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिर सकता है। वैसे मैच के लिहाज से आज का मौसम सुहावना रहने वाला है।
भारत और अफगानिस्तान की टीमें
टीम इंडियाः रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी, सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल, शार्दुल ठाकुर, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव।
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, रियाज हसन, रहमत शाह, नजीबुल्लाह जादरान, मोहम्मद नबी, इकराम अलीखिल, अजमतुल्ला उमरजई, राशिद खान, अब्दुल रहमान, नवीन उल हक, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी।
