नवी मुंबई: जेमिमा रोड्रिग्ज की 134 गेंद में 127 की नाबाद करिश्माई शतकीय पारी की बदौलत भारतीय महिला टीम ने सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को रौंदकर महिला विश्व कप 2025 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारतीय टीम को जीत के लिए 339 रन का विशाल लक्ष्य मिला था जिसे टीम इंडिया ने 48.3 ओवर में 5 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। भारतीय टीम तीसरी बार फाइनल में पहुंचने में सफल हुई है। भारतीय टीम ने इसी अंदाज में ऑस्ट्रेलिया को साल 2017 में खेले गए विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया था जहां इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में उसे खिताबी मुकाबले में हार मिली था। 8 साल बाद टीम इंडिया फिर से फाइनल में पहुंची है जहां उसकी दक्षिण अफ्रीका से भिड़ंत होगी।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम
जेमिमा-हरमनप्रीत की शतकीय साझेदारी ने तैयार किया मंच
जीत के लिए 339 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने सस्ते में दो विकेट गंवा दिए थे। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा 10(5) रन और फॉर्म में चल रही मंधाना 24(24) रन बनाकर पवेलियन लौट गईं थीं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्ज और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करते हुए टीम को 59 पर 2 विकेट से 226 रन तक पहुंचा दिया। हरमनप्रीत कौरे के 89(88) रन बनाकर आउट होने के बाद जेमिमा ने मोर्चा संभाले रखा और अपना शतक 115 गेंद में पूरा किया। इसके बाद उन्होंने दूसरे छोर पर थोड़ी थोड़ी देर दीप्ति शर्मा(17 गेंद में 24 रन) और ऋचा घोष(16 गेंद में 26 रन) ने साथ दिया और टीम को 300 रन के पार पहुंचा दिया। अंत में जेमिमा ने धैर्य नहीं खोया और अमनजोत कौर के साथ मिलकर टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। जेमिमा 134गंद में 127 रन बनाकर नाबाद रहीं। वहीं अमनजोत 8 गेंद में 15 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारतीय टीम ने 48.3 ओवर में विजयी लक्ष्य को हासिल कर लिया।
फीबी लिचफील्ड की शतकीय पारी पर फिरा पानी
ऑस्ट्रेलिया ने फीबी लिचफील्ड (119)के आतिशी शतक, एलिस पैरी(77) और एश्ले गार्डनर(63) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया के सामने 49.5 ओवर में 10 विकेट पर 338 रन का स्कोर खड़ा किया था। इतना बड़ा लक्ष्य डिफेंडिंग चैंपियन टीम के लिए फाइनल में एंट्री के लिए नाकाफी साबित हुआ। 8 साल लंबे अंतराल के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम को विश्व कप में हार का सामना करना पड़ा है। पिछली हार डर्बी में टीम इंडिया के खिलाफ ही मिली थी।
