इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन के 68वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के बीत भिड़ंत हुई। ये मैच दोनों ही टीमों के लिए प्लेऑफ में पहुंचने के लिहाज से करो या मरो का मुकाबला था। ऐसे में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 218 रन का स्कोर खड़ा किया। ऐसे में प्लेऑफ में पहुंचने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स को 201 रन और मैच में जीत के लिए 219 रन का लक्ष्य मिला। लेकिन पांच बार की चैंपियन सीएसके 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 191 रन बना सकी और 27 रन से मैच गंवाकर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम लगातार छठे मैच में जीत के साथ प्लेऑफ में धमाकेदार अंदाज में पहुंचने में सफल रही। आरसीबी चौथे स्थान पर अंक तालिका में रही है ऐसे में उसका एलिमिनेटर मुकाबले में खेलना तय हो गया।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर बनाम चेन्नई सुपर किंग्स(साभार IPL/BCCI)
चेन्नई सुपर किंग्स ने जीता टॉस:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में बारिश की आशंका के बीच सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।विराट डुप्लेसी ने दी आरसीबी को धमाकेदार शुरुआत:
विराट कोहली और फॉफ डुप्लेसी की सलामी जोड़ी ने आरसीबी को धमाकेदार शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दी। दोनों ने शुरुआती 3 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 31 रन जोड़ लिए थे। इसके बाद बारिश की वजह से खेल रोकना पड़ा। खेल जब दोबारा शुरू हुआ तो पिच का मिजाज पूरी तरह बदल गया। अगले तीन ओवर में आरसीबी केवल 11 रन जोड़ सकी और पॉवरप्ले में 6 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 42 रन तक पहुंच सकी।
विराट नहीं पूरा कर पाए अर्धशतक
पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद विराट कोहली और डुप्लेसी ने रन गति को बढ़ाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। विराट कोहली बीच बीच में बाउंड्री लगा रहे थे। दोनों ने मिलकर 6.4 ओवर में आरसीबी को 50 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन पारी के दसवें ओवर में विराट कोहली मिचेल सेंटनर की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में कैच दे बैठे। बाउंड्री पर डेरिल मिचेल ने उनका बेहतरीन कैच लपका। विराट कोहली 29 गेंद में 47 रन बनाकर आउट हुए।
डुप्लेसी ने जड़ा शानदार अर्धशतक
विराट कोहली के आउट होने के बाद डुप्लेसी का साथ देने रजत पाटीदार उतरे। उन्होंने आते ही स्पिनर्स की धुनाई करनी शुरू कर दी। पाटीदार और डुप्लेसी ने मिलकर 11.2 ओवर में आरसीबी को 100 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद डुप्लेसी ने अपना अर्धशतक 35 गेंद में 3 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा किया। लेकिन इसके बाद वो दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से पाटीदार के स्ट्रेट ड्राइव पर नॉन स्ट्राइकर्स एंड पर रन आउट हो गए। सेंटनर का हाथ गेंद के स्टंप्स पर लगने से पहले लगा। डुप्लेसी ने 54(39) रन बनाए।
पाटीदार-ग्रीन के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी
डप्लेसी के आउट होने के बाद पाटीदार का साथ देने कैमरन ग्रीन आए। दोनों ने रन गति को बरकरार रखते हुए 15.4 ओवर में आरसीबी को 150 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों स्कोर को 184 रन तक ले गए। लेकिन 18वें ओवर की चौथी गेंद पर ये साझेदारी टूट गई। पाटीदार 23 गेंद में 41 रन बनाकर शार्दुल ठाकुर की गेंद पर मिचेल सेंटनर के हाथों लपके गए।
कार्तिक मैक्सवेल ने खेली छोटी लेकिन तेज पारियां
उनके आउट होने के बाद दिनेश कार्तिक मैदान पर उतरे और 6 गेंद में 14 रन की पारी खेलकर आरसीबी को 200 रन के पार 18.4 ओवर में पहुंचा दिया। कार्तिक देशपांडे का शिकार बने। इसके बाद बल्लेबीज करने उतरे ग्लेन मैक्सवेल ने भी 5 गेंद में 16 रन जड़ दिए। शार्दुल ने उनको विकेट के पीछे धोनी के हाथों लपकवा दिया। अंत में ग्रीन 38(17) और महिपाल लोमरोर 0(1) रन बनाकर नाबाद रहे और आरसीबी 20 ओवर में 5 विकेट पर 218 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। सीएसके के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट शार्दुल ठाकुर ने लिए। वहीं 1-1 सफलता तुषार देशपांडे और मिचेल सेंटनर को मिली।
खराब रही चेन्नई की शुरुआत, रुतुराज नहीं खोल पाए खाता
जीत के लिए 219 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पारी की पहली ही गेंद पर मैक्सवेल की गेंद पर लेग स्लिप पर यश दयाल के हाथों लपके गए। वो अपना खाता भी नहीं खेल पाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए डेरिल मिचेल भी जल्दी आउट हो गए। मिचेल यश दयाल की गेंद पर विराट कोहली के हाथों में कैच दे बैठे। उन्होंने 4(6) रन बनाए।
2 विकेट गंवाने के बाद रचिन-रहाणे ने संभाला
2.2 ओवर में 19 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद सीएसके मुश्किल स्थिति में नजर आने लगी। सीएसके की पारी को ऐसे में रचिन रवींद्र और अजिंक्य रहाणे ने संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी करते हुए टीम को 5.3 ओवर में 50 रन के पार पहुंचाया। लेकिन 85 के स्कोर पर रहाणे को लोकी फर्ग्युसन ने चलता कर दिया। वो 33(22) रन बनाकर फॉफ डुप्लेसी के हाथों लपके गए। 9.1 ओवर में चेन्नई का स्कोर 3 विकेट पर 85 रन हो गया।
रचिन ने जड़ा आईपीएल में पहला अर्धशतक
ऐसे में रचिन रवींद्र एक छोर संभाले रहे और उन्होंने शिवम दुबे के साथ मिलकर टीम को 11.2 ओवर में 100 रन के पार पहुंचाया और आईपीएल में अपना अर्धशतक 31 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। लेकिन उनकी पारी 61 रन तक ही पहुंच सकी। वो शिवम दुबे के साथ गलतफहमी की वजह से स्वप्निल सिंह के थ्रो रन आउट हो गए।
129 रन पर चेन्नई ने गंवा दिए थे 6 विकेट
रचिन के आउट होने के बाद सीएसके का स्कोर 13 ओवर में 4 विकेट पर 115 रन हो गया। ऐसे में जल्दी ही बढ़ते दबाव के बीच शिवम दुबे कैमरन ग्रीन की गेंद पर फर्ग्युसन के हाथों लपके गए। उन्होंने 7 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए मिचेल सेंटनर को मोहम्मद सिराज ने डुप्लेसी के हाथों शानदार ढंग से कैच करा दिया। सेंटनर 3(4) रन बना सके। चेन्नई का स्कोर 6 विकेट पर 129 रन हो गया।
धोनी-जडेजा ने क्वालीफिकेशन की दहलीज तक पहुंचाया
15 ओवर में 129 रन पर 6 विकेट गंवाने के बाद एक छोर संभारे खड़े रवींद्र जडेजा का साथ देने एमएस धोनी उतरे। दोनों ने जीत से पहले प्लेऑफ क्वालीफिकेशन को अपना लक्ष्य बनाया और टीम को 19 ओवर में 6 विकेट पर 184 रन तक ले गए। आखिरी ओवर में जीत के लिए 35 रन सीएसके को बनाने थे जबकि क्वालीफिकेश ने के लिए उसे 17 रन चाहिए थे।
धोनी के आउट होते ही चेन्नई ने गंवाया प्लेऑफ का टिकट
20वें ओवर की शुरुआत धोनी ने यश दयाल की गेंद पर छक्का जड़कर की और आरसीबी पर दबाव डाला लेकिन अगली ही गेंद पर वो छक्का जड़ने की कोशिश में स्वप्निल सिंह के हाथों में कैच दे बैठे। धोनी 25(13) रन बनाकर आउट हुए। उसके बाद बल्लेबाजी करने आए शार्दुल दुसरे छोर पर 42 रन बनाकर खेल रहे रवींद्र जडेजा को स्ट्राइक पर लाने में दो गेंद ले गए। अंतिम दो गेंद में 10 रन सीएसके को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बनाने थे लेकिन यश दयाल ने कोई रन नहीं दिया और आरसीबी ने मैच भी अपने नाम किया और प्लेऑफ का टिकट भी हासिल कर लिया।
