मुंबई इंडियन्स ने जीता टॉस: मुंबई इंडियन्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बारिश से प्रभावित मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 16 ओवर में 7 विकेट पर 157 रन का स्कोर खड़ा किया। केकेआर की शुरुआत खराब रही लेकिन इसके बावजूद वो बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। इसके बाद जीत के लिए 158 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियन्स की टीम निर्धारित 16 ओवर में 8 विकेट पर 138 रन बना सकी। 59 रन पर मुंबई को पहला झटका लगा था इसके बाद मुंबई की पारी लड़खड़ा गई और लगातार अंतराल में विकेट गंवाने की वजह से जीत की दहलीज पार करने में नाकाम रही। इस मुकाबले में जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स आधिकारिक तौर पर 12 मैच में से 9 जीत के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई।
कोलकाता नाइट राइडर्स(साभार IPL/BCCI)
खराब रही कोलकाता की शुरुआत सस्ते में गंवाए 2 विकेट
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी के पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर नुवान तुषारा ने फिल साल्ट को अंशुल खंबोज के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। साल्ट ने छक्के जड़कर अपना खाता खोला लेकिन 5 गेंद में 6 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद पारी के दूसरे ओवर की पहली गेंद पर बुमराह ने शानदार यॉर्कर पर सुनील नरेन को बोल्ड कर दिया। नरेन अपना खाता भी नहीं खोल सके। ऐसे में 1.1 ओवर में केकेआर का स्कोर 2 विकेट पर 10 रन हो गया।
फिर नहीं चला श्रेयस अय्यर का बल्ला
नरेन और साल्ट के आउट होने के बाद वेंकटेश अय्यर और कप्तान श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला। लेकिन कप्तान अय्यर ज्यादा समय तक पिच पर नहीं टिक सके। खंबोज ने उन्हें बोल्ड करके मुंबई को तीसरी सफलता दिलाई। श्रेयस 7(10) रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे। इसके बाद वेंकटेश अय्यर और नीतीश राणा ने मिलकर पॉवरप्ले के 5 ओवर में 3 विकेट पर 45 रन तक पहुंचा दिया। इसके बाद टीम को 5.4 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया।
पीयूष चावला ने खत्म की वेंकटेश की पारी,अर्धशतक से चूके
दोनों बल्लेबाजों पिच पर पैर जमाए रहे और टीम को 8 ओवर में 77 रन तक ले गए। लेकिन नौवें ओवर की पहली गेंद पर वेंकटेश अय्यर को पीयूष चावला ने सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराकर मुंबई को चौथी सफलता दिलाई। वेंकटेश 21 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हुए और अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। वेंकटेश के पवेलियन लौटने के बाद नीतीश राणा का साथ देने आंद्रे रसेल आए। दोनों ने मिलकर टीम को 10.2 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने स्कोर को 117 रन तक पहुंचाया लेकिन नीतीश राणा को 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर तिलक वर्मा ने सटीक थ्रो से रन आउट कर दिया। नीतीश 33(23) रन बनाकर आउट हुए।
7 विकेट पर 157 रन बना सकी केकेआर
नीतीश के आउट होने के बाद रसेल को रिंकू सिंह का साथ मिला लेकिन रसेल को पीयूष चावला ने 117 किमी की रफ्तार से फेंकी गेंद के जरिए चालाकी से कैच करा दिया। रसेल 24(14) रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रिंकू पिच पर डटे रहे। उन्हें दूसरे छोर से रमनदीप सिंह का साथ मिला। दोनों ने स्कोर को 148 रन तक पहुंचाया लेकिन 16वें ओवर में बुमराह ने रिंकू को विकेट के पीछे कैच कराकर चलता कर दिया। रिंकू ने 20(12) रन बनाए। अंत में रमनदीप ने मिचेल स्टार्क के साथ मिलकर टीम को 7 विकेट पर 157 रन के स्कोर तक पहुंचाया। मुंबई के लिए सबसे सफल गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और पीयूष चावला रहे। दोनों ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। वहीं एक-एक विकेट नुवान तुषारा और अंशुल खंबोज को मिला।
रोहित-इशान ने दी मुंबई को बेहतरीन शुरुआत
जीत के लिए 158 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियन्स को रोहित शर्मा और ईशान किशन की जोड़ी ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने तेजी से रन बनाते हुए मुंबई को 4.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। पॉवरप्ले के 5 ओवर में मुंबई ने बगैर किसी नुकसान के 59 रन बना लिए थे। दोनों स्कोर को 65 रन तक ले गए। लेकिन सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर सुनील नरेन ने इशान किशन को कैच कराकर उनकी पारी का अंत कर दिया। इशान ने 22 गेंद में 40 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे। इसके बाद 67 के स्कोर पर वरुण चक्रवर्ती ने रोहित शर्मा को भी पवेलियन वापस भेज दिया। रोहित 19(24) बना सके।
सूर्या का इडेन गार्डन्स में नहीं चला बल्ला
दो विकेट जल्दी जल्दी गंवाने के बाद मुंबई की पारी को संभालने की कोशिश सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने की। दोनों ने स्कोर को 87 रन तक पहुंचाया। लेकिन 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर सूर्या को आंद्रे रसेल ने रमनदीप सिंह के हाथों कैच कराकर चलता कर दिया।सूर्या केवल 11 रन बना सके।
तिलक वर्मा ने थामा एक छोर
तीन धाकड़ खिलाड़ियों के विकेट गंवाने के बाद एक छोर तिलक वर्मा ने पैर जमा लिए लेकिन दूसरे छोर से विकेट की झड़ी लग गई। 100 रन तक पहुंचने से पहले कप्तान हार्दिक पांड्या और टिम डेविड भी पवेलियन लौट गए। हार्दिक 2 रन बना सके और टिम डेविड अपना खाता नहीं खोल पाए। हार्दिक को वरुण ने अपनी फिरकी में फंसाया वहीं डेविड रसेल का शिकार बने।
रसेल और चक्रवर्ती की गेंदबाजी में फंसी मुंबई
12.1 ओवर में 92 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद मुंबई के सिर पर हार का साया मंडराने लगा। वर्मा और निहाल वढेरा टीम को 100 रन के पार ले गए। वहीं 117 के स्कोर पर वढेरा रन आउट हो गए और मुंबई को छठा झटका लगा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए नमन धीर ने तिलक वर्मा का साथ दिया। हार के संकट के बीच नमन धीर ने आंद्रे रसेल के खिलाफ 15वें ओवर में हल्ला बोला और इस ओवर में 2 छक्के और एक चौका जड़कर मुंबई को मैच में वापस ला दिया।
आखिरी ओवर में जीत के लिए चाहिए थे 22 रन
आखिरी ओवर में जीत के लिए मुंबई को 22 रन बनाने थे। मैदान पर मुंबई के लिए नमन धीर और तिलक वर्मा थे। ऐसे में हर्षित राणा ने शानदार शुरुआत करते हुए पहली ही गेंद पर नमन धीर को कैच करा दिया। धीर 17(6) रन बना सके। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए खंभोज ने एक रन लेकर स्ट्राइक पर तिलक वर्मा को भेजा। जीत के लिए 4 गेंद में 21 रन बनाने का लक्ष्य वर्मा के सामने था और उन्होंने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में विकेट के पीछे खड़े साल्ट के हाथों में कैच दे दिया और एक तरह से मैच केकेआर हाथ में यहीं चला गया। 16 ओवर में मुंबई की टीम 8 विकेट पर 139 रन बना सकी और 18 रन से मैच गंवा दिया। कोलकाता के लिए तीन गेंदबाजों हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और आंद्रे रसेल ने 2-2 विकेट लिए। वहीं एक सफलता सुनील नरेन को मिला।
