आईपीएल 2024 में आज गुजरात टाइटन्स और मुंबई इंडियन्स के बीच भिड़ंत हो रही है। ये मुकाबला इसलिए भी अहम है क्योंकि दोनों टीमों के कप्तान नए हैं। हार्दिक पांड्या गुजरात की कप्तानी छोड़ने के बाद पहली बार मुंबई इंडियन्स की कप्तानी कर रहे हैं। गुजरात के दर्शकों के सामने हार्दिक विरोधी टीम के कप्तान के रूप में नजर आएंगे। मुंबई इंडियन्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
आईपीएल 2024 गुजरात बनाम मुंबई(साभार IPL/BCCI)
हार्दिक ने बताया क्यों चुनी पहले गेंदबाजी
टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी का फैसला करने के बाद मुंबई इंडियन्स कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा, पिच अच्छी है और बाद में ओस पड़ सकती है। इसलिए गेंदबाजी का फैसला किया। अहमदाबाद वापस आने के बारे में हार्दिक ने कहा, यहां वापस आकर अच्छा लग रहा है। मेरा जन्मस्थान गुजरात है और मुझे गुजरात में बहुत सफलता मिली है, इसलिए मैं गुजरात का आभारी हूं। लेकिन मेरी क्रिकेट में प्रगति मुंबई में हुई और वहीं से मेरे करियर ने परवान चढ़ा। टीम की तैयारी के बारे में हार्दिक ने कहा, दो सप्ताह पहले हमारे शिविर की शुरुआत हुई थी। हमारे खिलाड़ी मैदान पर जाकर प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक हैं।' आज मुंबई तीन विदेशी खिलाड़ियों टिम डेविड, गेराल्ड कोएत्जी और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ल्यूक वुड के साथ खेलने उतरी है। टीम में चार पेसर और तीन स्पिनर और सात बल्लेबाज हैं।
तीन खिलाड़ी कर रहे हैं गुजरात टाइटन्स के लिए डेब्यू
गुजरात टाइटन्स ने नए कप्तान शुभमन गिल ने कहा, मैं ऐसी जगह पर कप्तानी का आगाज करने को उत्साहित हूं जिस मैदान पर मेरे करियर की कई बड़ी यादें जुड़ी हैं। हमें यहां दर्शकों से अपार समर्थन मिलता है। दर्शक हमारी बड़ी ताकत रहे हैं। मैं यहां एक सप्ताह से हूं और कई अभ्यास मैच हमने खेले हैं। आज हमारे लिए तीन खिलाड़ी उमेश यादव, स्पेंसर जॉनसन और अजमतउल्लाह उमरजई डेब्यू कर रहे हैं।
मुंबई इंडियन्स की प्लेइंग-11: (Mumbai Indians Playing XI)
रोहित शर्मा, इशान किशन(विकेटकीपर), नमन धीर, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या(कप्तान), टिम डेविड, शम्स मुलानी, गेराल्ड कोएत्जी, पीयूष चावला, जसप्रीत बुमराह, ल्युक वुड।
गुजरात टाइटन्स की प्लेइंग-11: (Gujarat Titans Playing XI)
रिद्धिमान साहा, शुभमन गिल(कप्तान), साई सुदर्शन, विजय शंकर, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, उमेश यादव, साई किशोर, स्पेंसर जॉनसन।
