Who is Vikramjeet Singh, Netherlands squad for ODI World Cup: क्रिकेट का महाकुंभ यानी वनडे वर्ल्ड कप की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई को चुकी टीमें अपनी-अपनी टीम का ऐलान भी कर रही है। इस दौरान गुरुवार को क्रिकेट नीदरलैंड्स ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की। टीम में भारतीय मूल के धाकड़ बल्लेबाज विक्रमजीत सिंह को शामिल किया गया है। वे अपने देश यानी भारत के खिलाफ भी बल्लेबाजी करने उतरेंगे। इस दौरान दोनों देशों के क्रिकेट फैंस की नजर उन पर रहेगी। भारत की मेजबानी में 5 अक्टूबर से वनडे वर्ल्ड कप का आगाज होने जा रहा है।
विक्रमजीत सिंह। (फोटो- Vikramjeet Singh Instagram)
पंजाब में जन्म हुआ था विक्रमजीत का
नीदरलैंड्स के बाए हाथ के सलामी बल्लेबाज विक्रमजीत का जन्म पंजाब के चीमा खुर्द में 9 जनवरी 2003 को हुआ था। उनके दादा खुशी चीमा 1984 में नीदरलैंड्स गए थे। वे वहां स्थायी रूप से बसने से पहले कई दशकों तक भारत आते-जाते रहते थे। हालांकि, विक्रमजीत ने अपने करियर की शुरुआत नीदरलैंड्स से की थी।
ऐसे हुई थी उनके क्रिकेट करियर की शुरुआत
डच क्रिकेटर विक्रमजीत सिंह को वैसे तो बचपन से क्रिकेट खेलने का शौक था, लेकिन उनके क्रिकेट करियर की असली शुरुआत 11 साल की उम्र में हुई थी। नीदरलैंड्स के कप्तान पीटर बोरेन ने उनको बल्लेबाज करते हुए देखा था। इसके बाद उन्होंने विक्रमजीत को वीआरए एम्स्टर्डम के लिए क्लब क्रिकेट खेलने के लिए मनाया। वे कई सालों तक चंडीगढ़ में भी क्रिकेट के गुर सीखे हैं। उन्होंने 15 साल की उम्र में नीदरलैंड्स-ए टीम के लिए डेब्यू किया था। 2019 में अंडर-19 वर्ल्ड कप यूरो क्वालीफायर में नीदरलैंड टीम का प्रतिनिधित्व किया था।
इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा है रिकॉर्ड
2019 में नीदरलैंड्स के लिए डेब्यू करने वाले 20 साल के विक्रमजीत सिंह का इंटरनेशनल क्रिकेट में जमकर बल्ला चलता है। वे अभी तक 25 वनडे और 8 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं। उन्होंने 25 वनडे में 77.17 की स्ट्राइक रेट और 32.32 की औसत से 808 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और 4 अर्धशतक निकले हैं। वहीं, 8 टी20 में वे महज 76 रन ही बना सके हैं। इसके अलावा 25 वनडे में उन्होंने 7 विकेट भी चटकाए हैं।
