पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने यूएई की मेजबानी में खेले जाने वाले महिला टी20 विश्व कप 2024 के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया। बोर्ड ने सबको चौंकाते हुए 22 वर्षीय ऑलराउंडर फातिम सना को टीम का नया कप्तान नियुक्त किए जाने का ऐलान कर दिया। फातिमा 37 वर्षीय निदा डार की जगह लेंगी। 8 नवंबर, 2001 को कराची में जन्मीं फातिमा सना
फातिमा सना
16 साल की उम्र में किया था अंतरराष्ट्रीय डेब्यू
फातिमा सना ने मई 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 16 साल की उम्र में अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। दक्षिण अफ्रीका दौरे पर उन्होंने पहले वनडे और फिर टी20 डेब्यू किया। सना मूल रूप से फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर हैं। जो अबतक खेले 41 वनडे मैचों में 51 विकेट लेने के साथ-साथ 482 रन बना चुकी हैं। वहीं 40 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों में वो 30.09 के औसत से 31 विकेट चटकाने के साथ-साथ 19.54 के औसत से 215 रन बना चुकी हैं। वनडे में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 39 रन देकर 5 विकेट और टी20 में 18 रन देकर 3 विकेट रहा है।
पहले भी संभाल चुकी हैं टीम की कमान
फातिमा सना इससे पहले पाकिस्तान की कप्तानी साल 2023 में न्यूजीलैंड दौरे पर कर चुकी हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले मुकाबले में कप्तान निदा डार चोटिल हो गईं थीं। ऐसे में दूसरे वनडे में फातिमा सना ने टीम की कमान संभाली थी। फातिमा सना पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की तीसरी सबसे युवा कप्तान बनी थीं। पाकिस्तान की सबसे युवा कप्तान होने का रिकॉर्ड उरूज मुमताज के नाम दर्ज है। उन्हें 21 साल 73 दिन की उम्र में ये जिम्मेदारी मिली थी। वहीं दूसरे पायदान पर काबिज बिस्माह माहरूफ 22 साल 357 दिन की उम्र में कप्तान बनीं थीं। वहीं न्यूजीलैंड दौरे पर वनडे में फातिमा ने 22 साल 37 दिन की उम्र में टीम की कमान संभाली थी। अब वो टीम की नियमित कप्तान बन गई हैं।
साल 2021 में जीता था आईसीसी इमर्जिंग प्लेयर अवार्ड
फातिमा सना को साल 2021 में आईसीसी ने आईसीसी विमेंस इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर के अवार्ड से नवाजा था।
खेल चूकी हैं विदेशी टी20 लीग
फातिमा सना महिलाओं की विदेशी टी20 लीग्स में भी खेल चुकी हैं। साल 2022 में विमेंस सीपीएल के पहले संस्करण में बाबराडोस रॉयल्स की टीम ने उन्हें विदेशी खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल किया था।
