Rohit Sharma And Virat Kohli Next Match: इंग्लैंड ने भारत को अपनी सरजमीं पर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-1 से मात दी। लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद भारतीय क्रिकेट फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली अब टीम इंडिया की जर्सी में कब नजर आएंगे। दोनों सीनियर खिलाड़ियों ने टी20 और टेस्ट से संन्यास ले लिया है, इसलिए अब वो सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं।
रोहित शर्मा और विराट कोहली का अगला मैच कब (फोटो साभार- BCCI)
इंग्लैंड सीरीज के बाद लंबा ब्रेक
भारत का इंग्लैंड दौरा 19 जुलाई 2026 को लॉर्ड्स में तीसरे वनडे के साथ खत्म हो गया। इसके बाद टीम इंडिया का अगला असाइनमेंट जुलाई के आखिर में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज है। लेकिन चूंकि रोहित-विराट टी20 नहीं खेलते, इसलिए ये दोनों इस दौरे का हिस्सा नहीं होंगे। अगस्त 2026 में भारत श्रीलंका दौरे पर 2 टेस्ट मैच खेलेगा। टेस्ट से संन्यास ले चुके रोहित और विराट इस सीरीज में भी नहीं नजर आएंगे। वहीं इसके बाद सितंबर में एशियन गेम्स हैं, लेकिन वहां भी सीनियर खिलाड़ी नहीं जाते।
रोहित शर्मा और विराट कोहली (फोटो साभार- BCCI)
अगला वनडे वेस्टइंडीज के खिलाफ
रोहित शर्मा और विराट कोहली का अगला वनडे मैच सितंबर 2026 के आखिर में होगा। तब वेस्टइंडीज की टीम भारत दौरे पर आएगी और 3 वनडे और 5 टी20 मैच खेलेगी। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला वनडे मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में है। वहीं दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे मैच 30 सितंबर और तीसरा वनडे 3 अक्टूबर को खेला जाएगा। यानी तकरीबन ढाई महीने बाद फैंस को 'रो-को' की मैदान में नजर आएगी। BCCI ने भी साफ कर दिया है कि 2027 वर्ल्ड कप तक रोहित-विराट वनडे टीम का अहम हिस्सा हैं।
रोहित-विराट का अगला मैच कब (फोटो साभार- BCCI)
2026 का पूरा वनडे कैलेंडर
वेस्टइंडीज सीरीज के बाद भारतीय टीम नवंबर में न्यूजीलैंड के दौरे पर 5 मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। इसके बाद दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ अपने घर में 3 वनडे मैच खेलेगी। गौरतलब है कि रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स में शतक लगाकर इन अटकलों को भी समाप्त कर दिया है कि वह 2027 के वर्ल्ड कप से पहले संन्यास ले सकते हैं। वहीं विराट ने भी लॉर्ड्स वनडे में 74 रनों की पारी खेली। अब दोनों की फिटनेस और भूख को देखते हुए टीम मैनेजमेंट 2027 वर्ल्ड कप तक इन्हें वनडे में बनाए रखना चाहेगा।
