India Next Match: इंग्लैंड दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-2 से गंवाने के बाद टीम इंडिया को अब अगले मिशन के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। भारतीय टीम जल्द ही एक्शन में नजर आने वाली है। इंग्लैंड दौरे पर वनडे और टी20 दोनों सीरीज गंवाने के बाद अब भारतीय टीम जिम्बाब्वे में वापसी की तलाश में उतरने जा रही है। इस दौरे पर सिर्फ टी20 मैच खेले जाएंगे। जिसमें भारत के युवा खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने का सुनहरा मौका होगा।
भारत का अगला मैच (फोटो साभार- BCCI)
कब से शुरू हो रही है सीरीज
भारत का जिम्बाब्वे दौरा 23 जुलाई 2026 से शुरू हो रहा है। तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार यानि 23 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। वहीं दूसरा टी20 मुकाबला 25 जुलाई, शनिवार को और तीसरा और आखिरी टी20 मैच 26 जुलाई, रविवार को होगा। तीनों मैच भारतीय समयानुसार शाम 5:00 बजे से शुरू होंगे।
टीम की कमान किसके हाथ
जिम्बाब्वे दौरे पर एक बार फिर टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी। वहीं तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। जबकि, हेड कोच की जिम्मेदारी वीवीएस लक्ष्मण निभा रहे हैं क्योंकि गौतम गंभीर को ब्रेक दिया गया है। इंग्लैंड में वनडे खेलने वाले श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, शिवम दुबे, हर्ष दुबे और प्रिंस यादव अब सीधे हरारे पहुंचे हैं। टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद से एक भी टी20 सीरीज नहीं जीत पाई है। आयरलैंड से 0-2 और इंग्लैंड से 0-4 की हार के बाद टीम का मनोबल काफी डाउन है।
जिम्बाब्वे में हार चुकी है टीम इंडिया
जिम्बाब्वे के खिलाफ रिकॉर्ड भले ही भारत के पक्ष में हो, लेकिन हरारे में मेजबान टीम हमेशा चुनौती देती है। भारत अब तक जिम्बाब्वे में 12 टी20 में से 9 जीता है, लेकिन 3 मैच हारा भी है। 2024 में वर्ल्ड कप जीतने के तुरंत बाद भी भारत को हरारे में पहले टी20 में हार झेलनी पड़ी थी। इससे पहले साल 2015 और 2016 में भी भारतीय टीम को जिम्बाब्वे में टी20 मैच में हार झेलनी पड़ी थी।
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, ईशान किशन, प्रभसिमरन सिंह, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा और मयंक यादव।
