Smriti Mandhana: भारतीय महिला क्रिकेट की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने दुबई में इतिहास लिख दिया है। महिला एशिया कप 2026 के ग्रुप-A मुकाबले में हांगकांग के खिलाफ गुरुवार को मंधाना ने सिर्फ 64 गेंदों में 124 रनों की तूफानी पारी खेली और महान मिताली राज के सबसे बड़े रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में जैसे ही मंधाना ने अपने करियर का 10,869वां रन पूरा किया, वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सभी फॉर्मेट मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज बन गईं। उन्होंने मिताली राज के 10,868 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। यह सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट में एक युग का बदलना है।
स्मृति मंधाना (फोटो साभार- BCCI)
मंधाना को चुना गया मैन ऑफ द मैच
इस यादगार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अवॉर्ड लेते हुए जब उनसे पूछा गया कि यह ऐतिहासिक शतक किसे डेडिकेट करेंगी, तो उन्होंने अनोखा जवाब दिया। मंधाना ने कहा, "मेरे दिमाग में कोई एक ऐसा नहीं है जिसे मैं डेडिकेट करूं, लेकिन निश्चित रूप से मेरा परिवार।" मंधाना अक्सर अपनी सफलता का श्रेय परिवार को ही देती हैं। मैच में चुनौती अलग थी क्योंकि भारत पहली बार हांगकांग के खिलाफ खेल रहा था। इस पर मंधाना ने कहा, "हम विरोधी टीम के बारे में ज्यादा नहीं जानते थे। कुछ वीडियो देखे थे, लेकिन पूरी तरह अवेयर नहीं थे। जब आप अनजान गेंदबाज के सामने होते हैं तो आपको सब भूलकर सिर्फ बॉल देखनी होती है। यह पेस के साथ एडजस्ट करने का खेल था।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- स्मृति मंधाना ने तोड़ा सर्वाधिक रनों का महारिकॉर्ड, तो क्यों इमोशनल हो गईं मिताली राज
फुल टॉस पर क्या बोलीं मंधाना
पावरप्ले में मिली फुल टॉस गेंदों पर वह कई बार चूकीं, इस पर उन्होंने हंसते हुए कहा, "फुल टॉस मेरी ताकत नहीं है। खुश हूं कि आज कुछ पर बाउंड्री लगा पाई। किसी भी टॉप ऑर्डर बैटर के लिए फुल टॉस पर कभी छक्का लगता है तो कभी आप आउट भी हो जाते हैं।" मैच की बात करें तो स्मृति की इस पारी के दम पर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 193/5 का स्कोर खड़ा किया। शेफाली वर्मा ने 28 रन का योगदान दिया। जवाब में हांगकांग की टीम 16.2 ओवर में सिर्फ 56 रन पर सिमट गई। भारत ने 137 रनों से मैच जीत लिया। भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने 9 रन देकर 3 विकेट लिए।
