दरअसल, कमिंस से इस बाबत सवाल हुआ था। पूछा गया था, "कुछ विवादित बयान दिए गए। सबसे पहले मिकी आर्थर ने विवादित टिप्पणी की। फिर हमने मोहम्मद रिज़वान (पाक के बैट्समैन) को भी देखा...उन्होंने एक विवादास्पद बयान (ये जीतें हमास (फिलिस्तीन की गाजा पट्टी में पैर पसार चुका चरमपंथी संगठन) को समर्पित हैं) दिया, जिसका वह समर्थन कर रहे हैं। क्या आपको लगता है कि क्रिकेट के मैदान पर यह सब जरूरी है?...क्योंकि यह सिर्फ राजनीतिकरण है। इस पर आपका क्या विचार है?"
पैट्रिक जेम्स कमिंस एक ऑस्ट्रेलियाई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर हैं। (फाइल)
पैट की ओर से इस पर दो टूक जवाब आया, "मुझे लगता है कि मुझे इसका केवल आधा हिस्सा ही मिला है। लेकिन हां, मुझे खेल जगत के लोगों को देखना, उनके व्यक्तित्व को सामने आते देखना अच्छा लगता है। हाँ, किसी भी तरह से कोई बहुत मजबूत विचार नहीं है।" जहां तक मैच और खेल की बात है तो विश्व कप में अब तक ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों ने एकजुट होकर प्रदर्शन नहीं किया है। कमिंस ने इस संदर्भ में उम्मीद जताई कि 20 अक्टूबर, 2023 को पाकिस्तान के खिलाफ उनके बल्लेबाज अपनी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन करेंगे।
वह प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले, ‘‘बेंगलुरू जैसे स्थल पर बड़े स्कोर वाला मैच होता है, मैदान छोटा है। यहां की पिच हमेशा अच्छी होती है। इसलिए बल्लेबाजी काफी महत्वपूर्ण है। मुझे लगता है कि पिछले मैच में (श्रीलंका के खिलाफ) खिलाड़ियों ने जिस तरह शुरुआत की उससे लय बनी है।’’
बकौल कमिंस, ‘‘मिशेल और डेविड पहले ओवर से ही रन जुटाने के लिए तैयार रहते हैं। हम अपने खिलाड़ियों से यही चाहते हैं। वे कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वे सभी चीजें सही कर रहे हैं। मुझे यकीन है कि वे काफी रन बनाएंगे।’’ कप्तान को खुशी है कि खराब फॉर्म से जूझ रहे नियमित विकेटकीपर एलेक्स कैरी की जगह लेने वाले इंगलिस उम्मीदों पर खरे उतरे हैं।
कमिंस ने कहा, ‘‘एलेक्स पिछले कुछ मैच में नहीं खेला जो दुर्भाग्यशाली है। हमें पता है कि वह स्तरीय खिलाड़ी है लेकिन जोश पिछले मैच में जिम्मेदारी से खेला जो शानदार है।’’ कमिंस ने यह भी कहा कि अगर वे टॉस जीतते हैं तो बल्लेबाजी या गेंदबाजी करने का फैसला करते समय ओस की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। पाकिस्तान इस मुकाबले में अहमदाबाद में भारत के खिलाफ सात विकेट की हार के बाद उतरेगा लेकिन कमिंस विरोधी टीम को हल्के में लेने को तैयार नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘वे ऐसी टीम है जो हमेशा चुनौती के लिए तैयार रहती है। उनके पास कुछ अच्छे तेज गेंदबाज है जो विरोधी टीम को ध्वस्त कर सकते है। कुछ अच्छे स्पिन गेंदबाज।’’ कमिंस के मुताबिक, ‘‘फिर उनके पास रिजवान है जो संभवत: शीर्ष स्कोरर है। बाबर आजम हमेशा अच्छा खेलता है, कुछ अन्य बल्लेबाजों ने भी पिछले कुछ समय में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में काफी रन बनाए हैं। इसलिए वे ऐसी टीम है जो हर विभाग में काफी मजबूत है।’’ (भाषा इनपुट्स के साथ)
