पर्थ: रोहित शर्मा और विराट कोहली के बगैर केएल राहुल की कप्तानी में पश्चिम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे अभ्यास मैच में भारतीय टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा है। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने जीत के लिए 169 रन का लक्ष्य रखा था जिसे टीम इंडिया हासिल नहीं कर पाई और 36 रन के अंतर से हार का समना करना पड़ा। भारतीय टीम 20 ओवर में केवल 132 रन बना सकी। केएल राहुल ने 55 गेंद में 74 रन की आतिशी पारी खेली लेकिन टीम को जीत की दहलीज नहीं पार करा सके।
Image Credit: BCCI
शॉर्ट और हॉबसन के बीच हुई शतकीय साझेदारी केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। अर्शदीप ने भारत को जल्दी से पहली सफलता भी दिला दी। इसके बाद डी आर्की शॉर्ट और निक हॉबसन ने शानदार बल्लेबाजी करके टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों खिलाड़ियों ने शानदार अर्धशतक जड़े। लेकिन इस साझेदारी को हर्षल पटेल ने 15वें ओवर में तोड़ दिया। दोनों ही खिलाड़ी इसी ओवर में पवेलियन लौट गए। हॉबसन हर्षल की गेंद पर कैच आउट हो गए। वहीं शॉर्ट रन आउट हो गए।
इसके बाद अश्विन ने अपनी फिरकी में फांसकर तीन विकेट एक ही ओवर में झटके। टर्नर(2), फैनिंग(0) और बेनक्रॉफ(6) का उन्होंने शिकार किया। अंत में पश्चिम ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 168 रन का स्कोर खड़ा किया। भारत के लिए अश्विन ने 3, हर्षल ने 2 और अर्शदीप ने 1 विकेट अपने नाम किया।
