स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। श्रीलंका के खिलाफ तीसरे T20 इंटरनेशनल मैच में वेस्टइंडीज ने रोमांचक रन चेज के आखिरी ओवर में शेरफेन रदरफोर्ड की हाफ सेन्चुरी की मदद से 5 विकेट से जीत हासिल की और सीरीज अपने नाम की। टीम ने दो गेंदें बाकी रहते हुए यह जीत दर्ज की। इस तरह वेस्टइंडीज ने वनडे सीरीज में मिली हार का बदला श्रीलंका से ले लिया।
वेस्टइंडीज ने जीती टी20 सीरीज। फोटो- सोशल मीडिया
रदरफोर्ड 40 गेंद पर 54 रन बनाकर नाबाद रहे और जेसन होल्डर ने 19वें ओवर में तीन छक्के जड़े। उन्होंने पांच गेंद पर नाबाद 21 रन बनाए, जिससे वेस्टइंडीज ने श्रीलंका के 169 रनों के जवाब में पांच विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। शमर जोसेफ ने 33 रन देकर पांच विकेट चटकाए। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
श्रीलंका ने तेज शुरुआत
रदरफोर्ड की पारी के दौरान दो महंगे कैच छोड़ने से श्रीलंका की सीरीज जीतने की उम्मीदों को झटका लगा, क्योंकि पहले दो मैचों के बाद सीरीज बराबरी पर थी। वेस्टइंडीज ने निर्णायक मैच में आक्रामक सोच के साथ शुरुआत की और टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका ने तेजी से खेलते हुए पांच ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 49 रन बना लिए थे, लेकिन छठे ओवर में जोसेफ ने लगातार गेंदों पर दो विकेट लिए। मैथ्यू फोर्ड ने अपनी ही गेंदबाजी पर एक हाथ से शानदार कैच लपककर मैच की नौवीं गेंद पर कुसल मेंडिस (5) को आउट किया।
जोसेफ ने चटकाए पांच विकेट
पाथुम निसांका ने 17 गेंद पर 26 रन बनाए, लेकिन फिर उनका कैच रोस्टन चेस ने लपक लिया, जिससे दूसरे विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी टूट गई। इसके बाद जोसेफ ने अगली ही गेंद पर पवन रत्नायके को LBW आउट कर दिया। डुनिथ वेल्लालगे ने श्रीलंका की पारी को निचले क्रम में संभाला, लेकिन 19वें ओवर में वनिंदु हसरंगा (13 गेंद पर 21 रन) के रन आउट होने से सातवें विकेट के लिए हुई 49 रनों की साझेदारी टूट गई और उनकी कोशिश बेकार चली गई। 20वें ओवर में गिरे तीन विकेटों में वेल्लालगे का विकेट पहला था, उन्होंने 28 गेंद पर 43 रन बनाए। जोसेफ ने श्रीलंका की पारी के छठे ओवर में दो और आखिरी ओवर में तीन विकेट लिए। वे दो बार हैट्रिक लेने का मौका चूक गए।
1 रन के अंदर वेस्टइंडीज ने गंवाए तीन विकेट
लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने तीसरी ही गेंद पर शाई होप का विकेट गंवा दिया। वेल्लालगे ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद टीम का स्कोर 52 तक पहुंचा, लेकिन फिर 12 गेंद के भीतर एक रन के अंदर तीन विकेट गिर गए, जिससे मैच का रुख फिर से श्रीलंका की ओर मुड़ गया। रोवमैन पॉवेल (33) ने रदरफोर्ड के साथ मिलकर पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 81 रन जोड़े, लेकिन 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर वे आउट हो गए। यह ओवर काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा।
जेसन होल्डर ने एक ओवर में जड़े तीन छक्के
तेज गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा के इस ओवर में 9 गेंदें फेंकी, जिसमें एक नो-बॉल और दो वाइड शामिल थीं और वेस्टइंडीज को 24 रन मिले, साथ ही पॉवेल का विकेट भी गिरा। इसके बाद वेस्टइंडीज को तीन ओवर में 36 रनों की जरूरत थी। फिर समीकरण यह बना कि दो ओवर में 29 रनों की जरूरत थी। होल्डर ने चमीरा की चार गेंद पर तीन छक्के जड़े और 19वां ओवर खत्म होने तक वेस्टइंडीज को जीत के लिए छह रनों की जरूरत रह गई। अंत में वेस्टइंडीज ने पांच विकेट से जीत दर्ज की।
25 जून से खेली जाएगी टेस्ट सीरीज
इससे पहले हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज श्रीलंका ने 1-0 से जीती। आखिरी दो मैच बारिश के कारण नहीं हो पाए थे। श्रीलंका ने पहला मैच 41 रनों से जीता था। वहीं, वेस्टइंडीज ने पहला T20 सात विकेट से जीता था और श्रीलंका ने शनिवार को दूसरा मैच 37 रनों से जीता था, जिससे सीरीज रोमांचक मोड़ पर आ गई थी। दोनों टीमें अब 25 जून से एंटीगा में शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज में आमने-सामने होंगी।
