लॉडरहिल: पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने रविवार को टी20 विश्व कप के बेमानी ग्रुप मैच में आयरलैंड को हराकर अपना अभियान खत्म करने के बाद कहा कि स्वदेश जाकर देखेंगे कि क्या कमी रही क्योंकि बतौर टीम हम अच्छे नहीं थे। बाबर ने आयरलैंड पर तीन विकेट से मिली जीत के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में कहा,'हमने मैच में शुरूआती विकेट झटके। पर हमने अच्छी बल्लेबाजी नहीं की। लगातर विकेट गंवा दिये, पर किसी तरह लक्ष्य तक पहुंच गये।'
बाबर आजम
टीम के रूप में अच्छा प्रदर्शन करने में रहे नाकाम
उन्होंने कहा,'हालात गेंदबाजी के मुफीद थे लेकिन बल्लेबाजी में अमेरिका और भारत के खिलाफ कुछ गलतियां रहीं। जब आप विकेट गंवाते हो तो दबाव आप पर आ जाता है। बाबर ने कहा,'देखते हैं कि टीम क्या चाहती है। टीम में अच्छे खिलाड़ी हैं। अब हमें घर वापसी करनी है। अब स्वदेश जाकर देखेंगे कि क्या कमी रही और उसके बाद दमदार वापसी करेंगे। हम करीबी मैचों में पिछड़ गये, व्यक्तिगत तौर पर खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन बतौर टीम हम अच्छा नहीं कर सके।'
हमें कुछ विभागों में करना होगा सुधार
शाहीन शाह अफरीदी ने तीन विकेट झटकने के बाद पांच गेंद में दो छक्कों से नाबाद 13 रन बनाकर टीम को जीत दिलायी। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे शाहीन शाह अफरीदी ने कहा,'हम वैसा क्रिकेट नहीं खेले, देश जिसकी उम्मीद करता है। कुछ विभागों में सुधार करना है।'
