रांची: ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को दीपक चाहर के विकल्प के रूप में भारतीय टीम में शामिल किया गया है। सुंदर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शेष वनडे सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। दीपक चाहर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे व अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच में पीठ में जकड़न महसूस हुई थी। इसके बाद लखनऊ में खेले गए पहले वनडे में वह भारत की प्लेइंग 11 में नजर नहीं आए थे।
दीपक चाहर
बीसीसीआई ने बयान जारी करके कहा, 'अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शेष वनडे सीरीज के लिए दीपक चाहर के विकल्प के रूप में वॉशिंगटन सुंदर को शामिल किया है। दीपक चाहर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इंदौर में खेले गए तीसरे व अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच में पीठ में जकड़न महसूस हुई, जिसके बाद वह लखनऊ में खेले गए पहले वनडे में भारत की प्लेइंग 11 में नजर नहीं आए। दीपक चाहर अब नेशनल क्रिकेट एकेडमी लौटेंगे और मेडिकल टीम की नजरें उन पर रहेंगी।'
🚨 NEWS 🚨: Washington Sundar replaces Deepak Chahar in ODI squad. #TeamIndia | #INDvSA More Details 🔽 t.co/uBidugMgK4
— ANI (@ANI) Oct 8, 2022
इस साल आईपीएल में भी दीपक चाहर पीठ की चोट के कारण हिस्सा नहीं ले सके थे और वो करीब चार महीने तक क्रिकेट एक्शन से दूर रहे। चाहर ने फिर अच्छी वापसी की और ऐसा प्रदर्शन किया कि चोटिल जसप्रीत बुमराह की जगह लेने के लिए उन्हें मजबूत दावेदारों में से एक माना गया। यह चोट चाहर को गलत समय लगी और टी20 वर्ल्ड कप में उन्हें जगह मिलना मुश्किल नजर आ रहा है। भारतीय टीम इस समय चोटिल खिलाड़ियों से परेशान है।
बुमराह और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा चोटिल होने के कारण पहले ही टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। अब चाहर की चोट से भारतीय टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है। बुमराह के विकल्प का नाम बताने में दो दिन बचे है और चाहर के चोटिल होने के बाद मोहम्मद शमी को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शेष सीरीज के लिए भारतीय टीम का वनडे स्क्वाड
शिखर धवन (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, रजत पाटीदार, राहुल त्रिपाठी, इशान किशन, संजू सैमसन, शाहबाज अहमद, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, मुकेश कुमार, आवेश खान, मोहम्मद सिराज और वॉशिंगटन सुंदर।
