कप्तान अक्षय वाडकर ने खोला विदर्भ की खिताबी जीत का राज, बताया कब शुरू की थी तैयारी

विदर्भ को रणजी ट्रॉफी का तीसरी बार खिताब जिताने वाले कप्तान अक्षय वाडकर ने टीम की सफलता का राज साझा किया है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने कब शुरू कर दी थी तैयारी?

नागपुर: कप्तान अक्षय वाडकर ने रविवार को अपनी टीम को तीसरा खिताब दिलाने के बाद कहा कि पिछले साल रणजी ट्रॉफी फाइनल में मुंबई से हार इतनी कड़वी रही कि विदर्भ ने अगले सत्र के लिए मानसून से ही अभ्यास शुरू कर दिया था। विदर्भ ने यहां केरल पर पहली पारी में निर्णायक 37 रन की बढ़त हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।

Ranji Trophy 2024-25 Champion

रणजी ट्रॉफी 2024-25 चैंपियन विदर्भ क्रिकेट टीम (साभार BCCI Domestic)

मुंबई के खिलाफ हार के बाद शुरू कर दी थी तैयारी

वाडकर ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा,'पिछले साल हम फाइनल हार गये थे। इसलिए हमने मानसून के दौरान ही तैयारी शुरू कर दी थी। हर खिलाड़ी ने अपने खेल में सुधार के लिए मेहनत की। इस सत्र में शीर्ष दस रन बनाने वालों में विदर्भ के चार बल्लेबाज शामिल हैं। हर्ष दुबे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। यश (राठौड़) सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी है और दानिश (मालेवार) के पास अपनी बल्लेबाजी से मैच का रुख पलटने की क्षमता है।' वाडकर ने कहा, 'एक कप्तान के रूप में रणजी ट्रॉफी खिताब जीतने का सपना होता है। हर प्रथम श्रेणी क्रिकेटर का यह सपना होता है और हमने उसे पूरा किया है। हमने खेल के सभी पहलुओं पर ध्यान दिया।'

End of Feed