कांग्रेस सांसद शशि थरूर की गिनती क्रिकेट चाहने वाले कुछ चुनिंदा नेताओं में होती है। वह अक्सर क्रिकेट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर रखते हैं। अश्विन का टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की बात हो या फिर संजू सैमसन की सेलेक्शन का मुद्दा। वह हर बार सोशल मीडिया पर इस पर रिएक्ट करते हैं। इस बार भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में ओवल टेस्ट के चौथे दिन उन्हें किंग कोहली की याद आई है। उन्होंने विराट के रिटायरमेंट पर प्रतिक्रिया दी है और उनके टेस्ट क्रिकेट से जल्दी संन्यास लेने के फैसले पर अफसोस जताया है।
विराट कोहली (साभार-BCCI)
उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर विराट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा "मुझे इस सीरीज के दौरान कई बार विराट कोहली की कमी महसूस हुई। लेकिन, इस टेस्ट मैच में जितनी कमी महसूस हुई, उतनी कभी नहीं हुई। उनका धैर्य और जोश, मैदान पर उनकी प्रेरणादायक उपस्थिति, उनकी शानदार बल्लेबाजी, शायद कुछ और ही नतीजा देती। अब उनके संन्यास से वापस लेने के फैसले में देर हो गई है? विराट, देश को आपकी जरूरत है।"
शशि थरूर के सोशल मीडिया पोस्ट से स्पष्ट होता है कि करोड़ों आम क्रिकेट फैंस की तरह वह भी चाहते हैं कि विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में वापसी करें। विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से ठीक पहले ही इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था।
टेस्ट से संन्यास लेने का कोहली का फैसला चौंकाने वाला था। कोहली फिट हैं, फील्ड पर काफी सक्रिय रहते हैं। उनमें करीब दो साल क्रिकेट बाकी है। टी20 से वह पहले ही संन्यास ले चुके हैं। वनडे कम हो रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा था कि वह 2027 तक वनडे और टेस्ट खेलेंगे। लेकिन, टेस्ट क्रिकेट से उनके अचानक संन्यास के फैसले ने फैंस और टीम के खिलाड़ियों को भी हैरान कर दिया।
विराट कोहली पिछले एक दशक से भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ रहे हैं। अगर टेस्ट करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 123 टेस्ट मैचों की 210 पारियों में 30 शतक, जिसमें 7 दोहरे शतक हैं, की मदद से 9,230 रन बनाए। कोहली टेस्ट क्रिकेट में भारत के सफलतम कप्तान भी हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 68 टेस्ट में 40 में जीत दर्ज की है, 17 टेस्ट में भारत को हार मिली है, जबकि 11 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं।
