भारतीय टीम वेस्टइंडीज दौरे पर है। एक महीने तक चलने वाले इस दौरे में टीम 2 टेस्ट, 3 वनडे और 5 टी20 मैच की सीरीज खेलेगी। दौरे की शुरुआत टेस्ट सीरीज से होगी और पहला टेस्ट मैच 12 जुलाई को डोमिनिका में खेला जाएगा। टीम इंडिया के इस दौरे पर कई युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है, जिसमें रुतुराज गायकवाड़ के अलावा यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ी हैं। इस मैच से पहले विराट कोहली ने हेड कोच राहुल द्रविड़ के साथ एक तस्वीर पोस्ट की है जिसमें उन्होंने 12 साल पुरानी यादें शेयर की है।
विराट कोहली और राहुल द्रविड़ (साभार-Twitter)
डोमिनिका में बतौर खिलाड़ी खेल चुके हैं दोनों
विराट ने सोशल मीडिया पर राहुल द्रविड़ के साथ एक फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा '2011 में जब हम आखिरी बार डोमिनिका में खेले थे तो केवल दो लोग उस टीम में मौजूद थे। मैं इस जर्नी की कल्पना नहीं कर सकता। हम यहां दोबारा अलग क्षमता के साथ लौटे हैं।
2011 का वेस्टइंडीज दौरा
विराट कोहली साल 2011 वेस्टइंडीज दौरे की बात कर रहे हैं। जब इस मैदान पर टीम इंडिया आखिरी टेस्ट मैच खेली थी। टीम इंडिया ने उस वक्त एमएस धोनी की कप्तानी में यह दौरा किया था, जिसमें 3 टेस्ट मैच के अलावा 5 वनडे मैच की सीरीज खेली गई थी। इस दौरे पर विराट और द्रविड़ बतौर खिलाड़ी खेल रहे थे।
वेस्टइंडीज के साथ यह मैच ड्रॉ रहा था। विराट कोहली ने इस मैच में पहली पारी में 30 रन बनाए थे और दूसरी पारी में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था। वहीं राहुल द्रविड़ की बात करें तो उन्होंने पहली पारी में 5 जबकि दूसरी पारी में 34 रन की पारी खेली थी। भारत ने 3 मैच की यह सीरीज 1-0 से अपने नाम की थी।
