Virat Kohli Bowling practice:आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 के पहले पांच मैचों में पांच जीत हासिल करने के बाद भारत अपने छठे मैच में गत चैंपियन इंग्लैंड से भिड़ेगा। दोनों सितारों से सजी टीमों के बीच मैच रविवार को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला है। इस मैच से पहले भारतीय टीम ने लखनऊ में प्रेक्टिस सेशन आयोजित किया जिसमें एक खास नजारा देखने को मिला।
विराट कोहली (फोटो- Indian cricket team instagram)
रविवार को इंग्लैंड पर जीत वनडे विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल में भारत की जगह लगभग पक्की कर देगी और जोस बटलर की अगुवाई वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर भी हो जाएगी। अब तक खेले गए पांच मैचों में सिर्फ एक जीत के साथ इंग्लैंड अंक तालिका में 9वें स्थान पर मौजूद है।
विराट कोहली ने की बॉलिंग प्रेक्टिस
इंग्लैंड के खिलाफ मैच में टीम इंडिया को हार्दिक पांड्या की कमी खलेगी। हार्दिक की अनुपस्थिति में भारत कीवी टीम के खिलाफ केवल पांच गेंदबाजी विकल्पों के साथ खेला और इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए इंग्लैंड के खिलाफ मैच के लिए भारतीय टीम प्रबंधन विराट कोहली को पार्ट टाइम गेंदबाजी विकल्प के तौर पर तैयार कर रहा है। भारत के नेट सत्र का एक वीडियो वायरल हो रहा हैं, जिसमें कोहली को गेंदबाजी की तैयारी करते देखा जा सकता है। इसमें शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव भी बॉलिंग करते दिखाए गए हैं। कोहली, जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ मैच में हार्दिक के शेष ओवर को पूरा करने के लिए तीन गेंदें फेंकी थीं, एक नियमित गेंदबाज नहीं हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर कुछ ओवर फेंक सकते हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ मैच में चोटिल हुए थे हार्दिक
बता दें कि हार्दिक पांड्या भारत और बांग्लादेश के बीच खेले गए मैच में चोटिल हो गए थे। इस चोट के चलते वे न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए थे। हार्दिक की इंग्लैंड के खिलाफ मैच में वापसी की उम्मीद थी लेकिन रिपोर्ट्स की माने तो उनके लिगामेंट फट गया है और वे अगले दो मैचों से भी बाहर हो सकते हैं।
