कोलंबो, (भाषा)। भारत के पूर्व ऑलराउंडर विजय शंकर मंगलवार को लंका प्रीमियर लीग (LPL) के छठे सत्र के लिए होने वाले खिलाड़ी चयन प्रक्रिया से पहले मार्की (प्रमुख) खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए। खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया (ड्राफ्ट) एक जून को होगी। शंकर इंग्लैंड के मोईन अली और श्रीलंका के स्टार खिलाड़ी वानिंदु हसरंगा और एंजेलो मैथ्यूज के साथ कैंडी रॉयल्स में शामिल हुए हैं।
विजय शंकर खेलेंगे लंका प्रीमियर। फाइल फोटो
एलपीएल का छठा सत्र 17 जुलाई से आठ अगस्त तक श्रीलंका में आयोजित किया जाएगा। मौजूदा चैंपियन एससी जाफना किंग्स शाकिब के साथ श्रीलंका के खिलाड़ी दुनीथ वेलालगे और भानुका राजपक्षे को भी टीम में रखेगी। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार, प्रत्येक फ्रेंचाइजी चयन प्रक्रिया से पहले अधिकतम दो विदेशी और दो श्रीलंकाई प्रमुख खिलाड़ियों को टीम में बरकरार रख सकती है।
छठे सत्र से पहले 21 देशों के 650 विदेशी खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान क्रिस गेल को लीग का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। आयोजकों ने एक विज्ञप्ति में बताया, "एलपीएल के छठे सत्र में एससी जाफना किंग्स, कैंडी रॉयल्स, दंबुल्ला सिक्सर्स, गाले गैलेंट्स और कोलंबो कैप्स डबल राउंड-रॉबिन प्रारूप में प्रतिस्पर्धा करेंगे, जिसके बाद प्लेऑफ होंगे।"
उन्होंने कहा, "टूर्नामेंट का शुभारंभ 17 जुलाई को कोलंबो के एसएससी ग्राउंड में उद्घाटन समारोह और जाफना किंग्स और गाले गैलेंट्स के बीच मुकाबले के साथ होगा, और इसका समापन आठ अगस्त को आर. प्रेमदासा स्टेडियम में फाइनल के साथ होगा।" याद हो कि विजय शंकर ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय और डोमेस्टिक क्रिकेट को अलविदा कह दिया है।
भारतीय ऑलराउंडर विजय शंकर ने क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। विजय शंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घरेलू क्रिकेट और IPL से संन्यास का ऐलान किया है। उन्होंने अपने क्रिकेट करियर को लेकर अपना साथ देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद करते हुए भावुक संदेश लिखा। विजय शंकर को भारतीय टीम का एकमात्र '3D' क्रिकेटर कहा जाता है। दरअसल, 2019 वर्ल्डकप के लिए तत्कालीन चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने उन्हें बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में माहिर मानते हुए थ्रीडी क्रिकेटर कहा था।
