Sachin Tendulkar's Birthday Celebration: भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक महान सचिन रमेश तेंदुलकर आज पूरे 51 साल के हो गए हैं। अपने 51वें जन्मदिन पर सचिन तेंदुलकर को दुनिया भर से ढेरों बधाईयां मिल रही हैं। वहीं सचिन तेंदुलकर ने अपने जन्मदिन की शुरुआत एक खास चीज करके की।
सचिन तेंदुलकर (X)
सचिन तेंदुलकर ने अपने 51वें जन्मदिन का आगाज 'सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन' (Sachin Tendulkar Foundation) के बच्चों के साथ समय बिताते हुए किया। सचिन अपनी पत्नी अंजलि तेंदुलकर (Anjali Tendulkar) के साथ इन बच्चों के बीच पहुंचे और समय बिताया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ फुटबॉल भी खेला।
फाउंडेशन के बच्चों ने सचिन के लिए एक शानदार केक का इंतजाम भी किया था। सचिन ने केक काटा और सभी को शुभकामनाएं दीं और शुक्रिया कहा। गौरतलब है कि सचिन तेंदुलकर अपने इस फाउंडेशन के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की हर संभव सहायता करते हैं। सचिन ने इन बच्चों के साथ बिताए समय का वीडियो भी शेयर किया है।
सचिन तेंदुलकर का जन्म 24 अप्रैल 1973 को मुंबई में हुआ था। मास्टर ब्लास्टर के नाम से मशहूर इस पूर्व दिग्गज क्रिकेटर ने अपने 24 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में वो तमाम बड़े रिकॉर्ड्स बनाए जिनमें कुछ ही टूट सके हैं और तमाम रिकॉर्ड्स ऐसे हैं जिनके आसपास भी कोई नहीं है।
