आईपीएल 2026 के पोस्टर ब्वॉय वैभव सूर्यवंशी रोज नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। उनकी तूफानी बल्लेबाजी का नतीजा है कि राजस्थान की टीम संजू सैमसन जैसे बड़े खिलाड़ी को मिस नहीं कर रही है। मैच दर मैच रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाने वाले वैभव सूर्यवंशी जब गुजरात के खिलाफ मैच में उतरेंगे तो उनके निशाने पर एक और बड़ा रिकॉर्ड होगा। वैभव 100 छक्कों की दहलीज पर खड़े हैं। लेकिन इस मुकाबले से पहले वैभव सूर्यवंशी का नामकरण किया गया है। उनका यह नामकरण रवींद्र जडेजा की ओर से किया गया है।
वैभव सूर्यवंशी (साभार-x)
रवींद्र जड़ेजा ने दिया वैभव को नया नाम
इस मुकाबले से पहले राजस्थान रॉयल्स ने एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में रवींद्र जडेजा राजस्थान के खिलाड़ियों पर बोलते नजर आ रहे हैं। खासतौर से उन्होंने वैभव सूर्यवंशी की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा एक से बढ़कर एक बल्लेबाज टीम में हैं, लेकिन सबसे ज्यादा प्रभावित वैभव सूर्यवंशी ने किया है। इतना ही नहीं उन्होंने वैभव को नया नाम भी दिया।
आपको बता दें कि साल 2008 में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रहे शेन वॉर्न ने उन्हें एक नाम दिया था। रॉकस्टार और अब जब जडेजा से पूछा गया कि मौजूदा टीम में वो यह नाम किस खिलाड़ी को देना चाहते हैं तो उन्होंने बिना हिचके वैभव सूर्यवंशी को टीम का रॉकस्टार बताया।
वैभव ने नाम को किया जस्टिफाई
रवींद्र जडेजा ने वैभव को जो नाम दिया है उसने अब तक उसको जस्टिफाई किया है। वैभव सूर्यवंशी इस सीजन एक शतक और 3 अर्धशतक जड़ चुके हैं। इस दौरान उन्होंने दूसरी बार बतौर भारतीय सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाया है। इसके अलावा उन्होंने सबसे तेज 500 आईपीएल रन और सबसे तेज 1000 टी20 रन का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। वैभव सूर्यवंशी 10 मैच में 404 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 37 छक्के जड़े हैं।
