स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Vaibhav Sooryavashi T20I Debut Record: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू करने का मौका मिला। संजू सैमसन की जगह वैभव को प्लेइंग इलेवन में जगह मिली। वैभव ने डेब्यू मैच में छोटी ही पारी खेली। हालांकि, इस दौरान उन्होंने अपने टी20I डेब्यू में ही रिकॉर्ड की झड़ी लगा दी।
वैभव सूर्यवंशी ने डेब्यू मैच में रचा इतिहास। फोटो- AP
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करने आए वैभव सूर्यंवंशी ने तीसरी गेंद पर सिंगल लेकर अपना खाता खोला। इसके बाद तीसरा ओवर करने आए जोफ्रा आर्चर के ओवर की पहली गेंद पर सिक्स लगाकर वैभव ने अपने मजबूत इरादों की एक झलक दिखाई।
140 की स्ट्राइक रेट से की बल्लेबाजी
हालांकि, डेब्यू मैच में वैभव ने मात्र 10 गेंद का सामना किया और 14 रन बनाए। अपनी इस छोटी पारी में दो छक्के उड़ाए। वैभव ने 140 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अपना नाम खास लिस्ट में शामिल करवा लिया। वह टी20I डेब्यू मैच में पहली 10 गेंद पर 140 या उससे ज्यादा की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करने वाले पांचवें भारतीय ओपनर बल्लेबाज बने।
टी20I डेब्यू पर भारतीय सलामी बल्लेबाज का सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट (न्यूनतम 10+ गेंदें)
187.50 - यूसुफ पठान बनाम पाकिस्तान, 2007
175.00 - ईशान किशन बनाम इंग्लैंड, 2021
156.41 - अजिंक्य रहाणे बनाम इंग्लैंड, 2011
140.00 - शुभमन गिल बनाम श्रीलंका, 2023
140.00 - वैभव सूर्यवंशी बनाम इंग्लैंड, 2026
स्टंप आउट होने वाले पहले भारतीय
अपने डेब्यू मैच में वैभव सूर्यवंशी विल जैक्स का शिकार बने। पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर विल जैक्स ने वैभव सूर्यवंशी को जोस बटलर के हाथों स्टंप आउट करवाया। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी टी20I डेब्यू मैच में स्टंप आउट होने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने।
तोड़ा सचिन का रिकॉर्ड
इससे पहले वैभव ने 15 साल 99 दिन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। सचिन तेंदुलकर ने 16 साल 205 दिन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। वहीं, पीयूष चावला ने 17 साल 75 दिन में अपना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था।
