क्रिकेट

भारत-ए ने 8 विकेट पर बनाया 541 रन का विशाल स्कोर, सुदर्शन ने खेली 168 रन की पारी

भारत ए ने साई सुदर्शन की 168 रन की शानदार शतकीय पारी के बाद मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान की बदौलत दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के तीसरे दिन शनिवार को श्रीलंका ए के खिलाफ आठ विकेट पर 541 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया। सुदर्शन ने तीसरे दिन 104 रन से आगे खेलना शुरू किया और अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए 267 गेंद में 22 चौके की मदद से उम्दा पारी खेली।

Image

साई सुदर्शन ने खेली 168 रन की पारी। फाइल फोटो

गॉल, (भाषा)। भारत ए ने साई सुदर्शन की 168 रन की शानदार शतकीय पारी के बाद मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान की बदौलत दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के तीसरे दिन शनिवार को श्रीलंका ए के खिलाफ आठ विकेट पर 541 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया। बारिश से प्रभावित तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ए ने 175 रन की बढ़त हासिल कर ली थी। मुकाबले का एक दिन का खेल अभी बाकी है।

सुदर्शन ने तीसरे दिन 104 रन से आगे खेलना शुरू किया और अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए 267 गेंद में 22 चौकों की मदद से 168 रन बनाए। हालांकि दूसरे छोर पर देवदत्त पडिक्कल अपने रात के स्कोर 94 रन में एक भी रन का इजाफा किए बिना ही आउट हो गए। दिन की पहली ही गेंद पर पडिक्कल के आउट होने से भारत ए का स्कोर दो विकेट पर 248 रन हो गया। इसके बाद सुदर्शन को कप्तान ध्रुव जुरेल (53 रन, 88 गेंद) का अच्छा साथ मिला।

सुदर्शन और जुरेल की साझेदारी से पहले हालांकि भारत ए को एक बड़ा झटका लगा जब ऋतुराज गायकवाड़ (13) को तेज गेंदबाज असांका मनोज की गेंद हेलमेट पर लगने के बाद चोटिल होकर मैदान छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा। सुदर्शन और जुरेल ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए टीम को संभाला। अब देखना होगा कि गायकवाड़ रविवार को बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरते हैं या नहीं।

सुदर्शन और जुरेल ने तीसरे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी कर मेजबान टीम को कोई और सफलता नहीं मिलने दी और भारत ए की पकड़ मजबूत कर दी। सुदर्शन दोहरे शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन बाएं हाथ के स्पिनर दिलुम सुदीरा ने उन्हें पगबाधा आउट कर उनकी शानदार पारी का अंत किया। इसके बाद जुरेल भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और सुदीरा की गेंद पर पगबाधा हो गए। फिर शेख रशीद ने 51 गेंद में 45 रन की तेज पारी खेली, लेकिन ऑफ स्पिनर केशारा नुवंथा ने उन्हें भी पगबाधा आउट कर दिया।

इस समय भारत ए का स्कोर पांच विकेट पर 454 रन था और टीम को 84 रन की बढ़त मिल चुकी थी। इसके बाद टीम का लक्ष्य बढ़त को और मजबूत करना था। सारांश जैन (नाबाद 68 रन) और औकिब नबी (30 रन) ने छठे विकेट के लिए 81 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत ए की बढ़त को और मजबूत किया। चाय के बाद लगभग एक घंटे तक बारिश के कारण खेल रुका रहा, लेकिन उसके बाद दोनों बल्लेबाजों ने उपयोगी योगदान दिया। दिन के अंतिम चरण में कामचलाऊ स्पिनर सहान अराच्चिगे ने औकिब नबी को आउट कराया। नबी का कैच असांका मनोज ने लपका, लेकिन तब तक भारत ए मैच में मजबूत बढ़त हासिल कर चुका था।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article