बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले उस्मान ख्वाजा ने इस भारतीय बताया चतुर-चालाक

ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने इस साल के अंत में खेली जाने वाले बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले एक भारतीय प्लेयर को चतुर चालाक बताया है। जानिए कौन है वो खिलाड़ी और ख्वाजा ने उनके बारे में क्या कहा?

KEY HIGHLIGHTS
  • उस्मान ख्वाजा ने की रविचंद्रन अश्विन की जमकर तारीफ
  • अश्विन को ख्वाजा ने बताया बड़ा रणनीतिकार
  • मैच के दौरान करते हैं दबदबा बनाने की कोशिश

मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने कहा कि वह पिछले कुछ वर्षों से भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के खिलाफ खेलने का लुत्फ उठाते रहे हैं क्योंकि वह ऐसे गेंदबाज है जिसके पास हमेशा योजना और रणनीति होती है। अश्विन (39 विकेट) ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले भारतीय गेंदबाजों में तीसरे स्थान पर काबिज हैं। ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट मैचों में उनसे अधिक विकेट अनिल कुंबले (49) और कपिल देव (51) के नाम हैं। वह इन दोनों देशों की सभी द्विपक्षीय श्रृंखलाओं (घरेलू और विदेशी) में 114 विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज है। इसमें सात बार पांच विकेट चटकाना भी शामिल है।

usman Khawaja

उस्मान ख्वाजा

अच्छे रणनीतिकार हैं रविचंद्रन अश्विन

ख्वाजा ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा,'रवि बहुत अच्छे गेंदबाज हैं। वह बहुत रणनीतिक हैं। उनके पास बल्लेबाजों के लिए हमेशा एक योजना होती है। वह बल्लेबाजों की खामियों का पता लगाने और मैच के दौरान दबदबा बनाने की कोशिश करते रहते हैं। मैं इसका सम्मान करता हूं। मैं उसके क्रिकेट दिमाग का सम्मान करता हूं। उसके खिलाफ खेलना हमेशा अच्छा होता है और मैं हमेशा इस तरह की चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहता हूं।' यह अश्विन का ऑस्ट्रेलिया का पांचवां टेस्ट दौरा होगा। वह 2011-12, 2014-15, 2018-19 और 2020-21 में खेली गई टीमों का हिस्सा रहे हैं। उन्हें हालांकि पिछले दो दौरों पर चोट की समस्या थी।

End of Feed