स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 2018 के बॉल-टैम्परिंग कांड के बारे में नए खुलासे किए हैं। उनका दावा है कि टीम के अंदर गेंद से छेड़छाड़ करने को लेकर चर्चाएं, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच में सामने आई बातों की तुलना में कहीं अधिक व्यापक थीं। हाल ही में संन्यास लेने वाले ख्वाजा ने कहा कि पूरी टीम बॉल टैम्परिंग में शामिल थी।
उस्मान ख्वाजा ने किया बॉल-टैम्परिंग पर बड़ा खुलासा। फाइल फोटो
शनिवार को 'सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड' में छपी उनकी आने वाली ऑटोबायोग्राफी में ख्वाजा ने आरोप लगाया है कि 2018 में ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान बॉल-टैम्परिंग को लेकर खुलकर बातचीत हुई थी। उन्होंने दावा किया कि खिलाड़ियों ने गेंद को खुरदरा बनाने के अलग-अलग तरीकों पर चर्चा की थी। जिसमें सैंडपेपर (रेगमाल) का इस्तेमाल करना भी शामिल था।
'पूरी टीम थी शामिल'
पूर्व टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज ने आगे बताया कि ये बातचीत ड्रेसिंग रूम के किसी एक खास ग्रुप तक सीमित नहीं थी, बल्कि अलग-अलग विभागों के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ भी इसके बारे में जानते थे। अखबार के अनुसार, ख्वाजा ने अपनी किताब में लिखा है, "हम सभी इसमें शामिल थे।"
इन खुलासों ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की उस जांच के नतीजों पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं, जो मार्च 2018 में केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट के दौरान हुए विवाद के बाद की गई थी। 'सैंडपेपरगेट' के नाम से मशहूर इस विवाद ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में ईमानदारी से जुड़े सबसे बड़े सवालों को जन्म दिया था। उस समय खिलाड़ी गेंद से छेड़छाड़ करने के लिए सैंडपेपर (रेगमाल) का इस्तेमाल करते हुए पकड़े गए थे।
तीन खिलाड़ियों को मिली थी सजा
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की उस समय की जांच में यह निष्कर्ष निकला था कि इस योजना के बारे में केवल तीन खिलाड़ियों- स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरून बैनक्रॉफ्ट को ही पहले से पता था। ऑस्ट्रेलिया के लिए 88 टेस्ट मैच खेलने वाले ख्वाजा को जांच के दौरान किसी भी गलत काम में शामिल नहीं पाया गया था।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच पर सवाल
इन नए दावों का जवाब देते हुए, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपनी जांच का बचाव किया और कहा कि उसके निष्कर्ष अभी भी सही हैं। शनिवार को एक बयान में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा, अब तक CA के सामने आई सभी अहम जानकारियों पर ठीक से विचार किया गया है और हम अपनी जांच प्रक्रिया के नतीजों से संतुष्ट हैं। किसी भी अहम जानकारी को सामने रखने का मौका हमेशा से मौजूद रहा है, और यह अभी भी कायम है।
साउथ अफ्रीका ने जीती थी सीरीज
2018 की जांच के बाद, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्मिथ, वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट पर खेलने से प्रतिबंध और अन्य दंड लगाए थे। मुख्य कोच डैरेन लेहमैन को सीधे तौर पर शामिल नहीं पाया गया था, लेकिन सीरीज के तुरंत बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। 2018 में दक्षिण अफ्रीका ने चार मैचों की टेस्ट सीरीज 3-1 से जीती थी। ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम 'सैंडपेपरगेट' विवाद के बाद पहली बार पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका लौटी, लेकिन उसे एक और सीरीज में हार का सामना करना पड़ा और वह तीन मैचों की यह सीरीज 2-1 से हार गई।
यह भी पढे़ं- भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे मुकाबला आज
