U19 Asia Cup Final IND vs PAK: पाकिस्तान के खिलाफ दबदबा कायम रखने पर उतरेगी भारतीय टीम, वैभव सूर्यवंशी और अभिज्ञान कुंडू पर होगी सबकी नजर

अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को आईसीसी अकादमी में भिड़ंत होने जा रही है। भारतीय टीम चिरप्रतिद्वंदी पाकिस्तान पर दबदबा बनाने उतरेगी। टीम इंडिया मैच में एक बार फिर नो हैंडशेक की नीति को कायम रखकर मैदान पर उतरेगी। जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

दुबई: भारतीय टीम रविवार को आईसीसी अकादमी में होने वाले अंडर-19 एशिया कप फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए रिकॉर्ड 12वां खिताब अपनी झोली में डालना चाहेगी। आयुष म्हात्रे की अगुवाई वाली भारतीय टीम ग्रुप ए के सभी मैच जीतकर पाकिस्तान से आगे शीर्ष पर रही। पाकिस्तान को ग्रुप चरण में एकमात्र हार भारत के खिलाफ मिली थी जिसमें उसे पिछले रविवार को 90 रन से हार मिली। भारत ने शुक्रवार को सेमीफाइनल में भी यही लय बरकरार रखी और श्रीलंका को आठ विकेट से हराया। दूसरी ओर पाकिस्तान ने गत चैंपियन बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई।

IND vs PAK, U19 Asia Cup 2025

भारत बनाम पाकिस्तान, अंडर-19 एशिया कप फाइनल

सूर्यवंशी और कुंडू पर रहेगी नजर

फाइनल तक भारत का सफर हरफनमौला प्रदर्शन पर आधारित रहा है जिसमें बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मिलकर एक मजबूत इकाई बनाई। बल्लेबाजी में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है और टीम ने दो बार 400 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। इस 50 ओवर के टूर्नामेंट में युवा प्रतिभाओं का उदय हुआ है जिसमें 17 साल के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू शामिल हैं। युवा प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी ने संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ पहले मैच में 95 गेंद में 171 रन बनाकर भारत को छह विकेट पर 433 रन के स्कोर तक पहुंचाया तो कुंडू ने मलेशिया के खिलाफ रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 125 गेंद में नाबाद 209 रन बनाए और युवा वनडे में दोहरा शतक बनाने वाले पहले भारतीय बन गए।

End of Feed