स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान को टी20 विश्व कप 2026 में रविवार को कोलंबो में खेले गए महामुकाबले में 61 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज करके विश्व कप के सुपर-8 राउंड में एंट्री कर ली है। वहीं, इस मेंगा इवेंट के इतिहास में भारत ने पाकिस्तान को 8वीं बार शिकस्त दी। टीम इंडिया ने ईशान किशन के तूफानी अर्धशतक की बदौलत 175 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजों ने पाकिस्तान के लिए यह स्कोर चेज करना मुश्किल कर दिया।
पाकिस्तान के खिलाफ बल्लेबाजी के दौरान ईशान किशन और तिलक वर्मा। फोटो- AP
एक कठिन पिच पर 40 गेंदों पर 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 77 रन बनाने वाले ईशान किशन की मैच के बाद कप्तान सूर्या ने तारीफ की। वहीं, उनके साथ 46 गेंद पर 87 रन की साझेदारी करने वाले तिलक वर्मा ने बीच मैदान हुई बातचीत का खुलासा किया। तिलक ने तूफानी देख ईशान किशन को अटैकिंग बल्लेबाजी करने की सलाह दी थी। मैच के बाद पार्थिव पटेल से बात करते हुए कहा कि 'मैंने ईशान को कहा था तू मार रहा है मारता रहे, मैं दूसरे एंड से विकेट संभाल के रखूंगा।'
तिलक वर्मा ने किया खुलासा
तिलक ने कहा, जिस तरह से ईशान किशन ने बल्लेबाजी की उसे देखकर मैं हैरान था। दूसरे एंड पर खड़ा होकर मैं बस देख रहा था और कह रहा था, भाई तू मारता रह। अगर विकेट गिरा तो मैं दूसरे एंड से संभालकर खेलूंगा। जब हम और सूर्या सेट होकर खेल रहे थे तो ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान यही चर्चा हुई के एक को हिट करना है। गौतम सर ने भी यही कहा कि तू हिटकर, सूर्या लास्ट तक खेलेगा। ईशान जब तक क्रीज पर था मैं बड़े शॉट की तरफ नहीं देख रहा था। सिंगल डबल लेने को देख रहा था। उसके आउट होने के बाद मैं रिवर्स मारने और बड़े शॉट की कोशिश करने लगा। हालांकि, गेंद बल्ले के नीचे लगी रही थी।
नेट्स में करते हैं बॉलिंग की प्रैक्टिस
अपनी बॉलिंग पर कहा, हर मैच से पहले नेट्स में बॉलिंग के ऊपर काम कर रहा था। मैं रेडी नहीं था। सूर्या ने बोला की आ जा बॉलिंग कर। मैं बॉडी टाइट कर इधर-ऊधर भाग रहा था। लेकिन जब कहा सूर्या ने कहा तो मैं तैयार हो गया। पहले गेंद डंडे पर की वह बाहर की तरफ निकली और लकी रहा मैं कि विकेट मिल गया जो अच्छा रहा। दूसरे ओवर में भी विकेट मिल जाता लेकिन दुर्भाग्य से कैच छूट गया।
ऐसा रहा तिलक का प्रदर्शन
मैच में तिलक वर्मा ने बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंद पर 25 रन की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से दो चौके और एक सिक्स जड़ा। वहीं, गेंदबाजी में तिलक ने दो ओवर किए। पहले ओवर की पहले गेंद पर तिलक को विकेट मिला। उन्होंने दो ओवर में 11 रन खर्च किए।
