आईपीएल ऑक्शन से पहले जब मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइटंस से ट्रेड किया तो इस बात की सुगबुबाहट तेज हो गई थी कि क्या उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी? वजह भी साफ थी, क्योंकि बीते कुछ महीनों में क्रिकेट के इस फॉर्मेट से रोहित की दूरियां बढ़ी है। फैंस को जिस बात का डर था, आखिरकार 15 दिसंबर की शाम उस पर मुहर लग गई जब टीम मैनेजमेंट ने आधिकारिक रुप से आईपीएल 2024 के लिए हार्दिक पांड्या को कमान सौंप दी। बतौर कप्तान हार्दिक ने खुद को जिस तरह से पिछले दो सीजन में साबित किया वह किसी भी टीम के लिए फ्यूचर कैप्टन के तौर पर सबसे अच्छा विकल्प थे।
रोहित शर्मा (साभार-IPL)
लेकिन सवाल यह उठता है कि आखिरकार लीग के सबसे सफल नेतृत्व को मुंबई इंडियंस ने क्यों जाने दिया। 2013 से लेकर अब तक रोहित की कप्तानी में मुंबई ने 5 बार ट्रॉफी उठाई, लेकिन इसके बावजूद आखिर क्यों रोहित का बतौर कप्तान सफर थम गया।
1. फ्यूचर कैप्टन पर निवेश- मुंबई इंडियंस के ग्लोबल परफॉर्मेंस हेड महेला जयवर्धने की मानें तो टीम फ्यूचर कैप्टन को तैयार करने के लिए हार्दिक पांड्य़ा में निवेश कर रही है। हार्दिक ने गुजरात के साथ पिछले दो सीजन में खुद को साबित भी किया है। 2022 में उन्होंने अपनी टीम को चैंपियन बनाया और 2023 में फाइनल तक का सफर तय किया।
2. पिछले दो सीजन में टीम का प्रदर्शन- इसमें कोई शक नहीं है कि रोहित आईपीएल के सबसे सफल कप्तान हैं। लेकिन इसके बावजूद पिछले दो सीजन में उनका जादू नहीं चला है। 2022 सीजन की बात करें तो मुंबई ने 10वें नंबर पर फिनिश किया था, जबकि 2023 में 16 में से 9 मुकाबला जीतने में टीम सफल रही थी। दोनों ही सीजन में रोहित ने बल्ले से निराश किया था। 2022 में उनके नाम 14 मैच में केवल 268 रन थे, जबकि 2023 में 16 मैच में उन्होंने 332 रन बनाए। लेकिन पिछले दो सीजन से उनके बल्ले से एक भी हाफ सेंचुरी नहीं निकली।
3. रोहित की टी20 क्रिकेट से दूरी- वर्तमान में रोहित शर्मा तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के कप्तान हैं। इसके बावजूद वह T20I क्रिकेट से दूरी बनाए हुए हैं। उन्होंने आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला वर्ल्ड कप सेमीफाइनल खेला था। तब से वह क्रिकेट के इस छोटे फॉर्मेट से दूर हैं।
