एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए 5वें और आखिरी टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 6 रन से हरा दिया। बल्लेबाजी के लिए मुश्किल पिच पर ऑस्ट्रेलिया के सामने 161 रन का लक्ष्य था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने इसे ऑस्ट्रेलिया के लिए चुनौतीपूर्ण बना दिया और केवल 154 रन ही बनाने दिए।
अर्शदीप सिंह (साभार-AP)
आखिरी ओवर में ऑस्ट्रेलिया को 10 रन बनाने थे और कप्तान मैथ्यू वेड आक्रामक नजर आ रहे थे, लेकिन अर्शदीप ने इस ओवर में न केवल उन्हें शांत रखा बल्कि उन्हें आउट कर केवल 3 रन खर्चे। इस शानदार गेंदबाजी के दम पर टीम इंडिया ने 6 रन से रोमांचक जीत हासिल कर ली। इसके साथ ही टीम इंडिया ने 5 मैच की टी20 सीरीज को 4-1 से अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलिया ने एकमात्र जीत गुवाहाटी में हासिल की थी, जहां ग्लेन मैक्सवेल ने नाबाद 104 रन की पारी खेली थी।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से बेन मैकडरमॉट ने 34 गेंद में सर्वाधिक 54 रन की पारी खेली। मैकडरमॉट के अलावा हेड ने 28 और आखिरी ओवर में कप्तान वेड ने 15 गेंद में 22 रन बनाए। भारत की ओर से मुकेश कुमार ने 3 और अर्शदीप सिंह और रवि बिश्नोई ने 2-2 खिलाड़ियों को आउट किया।
अय्यर का शानदार अर्धशतक
टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी रही। गायकवाड़ और जायसवाल ने तेजी से 24 गेंद में पहले विकेट के लिए 31 रन जोड़े, लेकिन उसके बाद लगातार एक के बाद एक टीम इंडिया ने 21 रन के भीतर 4 विकेट खोए।
लेकिन दूसरे छोर पर श्रेयस अय्यर डंटे रहे। उन्होंने पहले जितेश शर्मा के साथ 5वें विकेट के लिए 24 गेंद में 42 रन की साझेदारी की और फिर अक्षर पटेल के साथ छठे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। अय्यर ने अपना 8वां टी20 अर्धशतक पूरा किया। 37 गेंद में 53 रन की पारी के दम पर टीम इंडिया ने 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। अय्यर के अलावा अक्षर पटेल ने 31 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की ओर से बेहरडॉर्फ और बेन ड्वारशुइस ने 2-2 विकेट चटकाए।
