IND vs ENG 5th Test: टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच ने बताया, ओवल के ग्रीन टॉप विकेट पर क्यों नहीं दिया जसप्रीत बुमराह को खेलने का मौका?

भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच रियान टेन डोइशे ने ओवल में खेले जा रहे सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद बताया है कि जसप्रीत बुमराह को ग्रीन टॉप विकेट मिलने के बावजूद क्यों रखा गया प्लेइंग-11 से बाहर?

लंदन: भारत और इंग्लैंड के बीच ओवल में खेले जा रहे सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच की एकादश में भारतीय टीम ने कई बड़े बदलाव किए। प्रशंसकों को यह जानकर हैरानी हुई है ओवल के ग्रीन टॉप विकेट पर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को प्लेइंग-11 में शामिल नहीं किया गया है। उनकी जगह तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाज बारिश से प्रभावित पहले दिन संघर्ष करते दिखे। पहले दिन भारतीय टीम 64 ओवर में 6 विकेट पर 204 रन बना सकी। करुण नायर भारत के सबसे सफल बल्लेबाज रहे जो नाबाद 52 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

Jasprit Bumrah

जसप्रीत बुमराह (फोटो क्रेडिट AP)

बुमराह की फिटनेस और वर्कलोड की दी गई वरीयता

ऐसे में पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद प्रेस कॉन्फेंस में शिरकत करने गए असिस्टेंट कोच रियान टेन डोइशे ने टीम प्रबंधन के इस जटिल निर्णय का बचाव किया।जब ओवल की विकेट अंतिम रूप में सामने आई, तब साफ हो गया था कि बुमराह की मौजूदगी से मैच का रुख बदल सकता था। डोइशे ने कहा,'बुमराह का मामला काफी जटिल है। हम बेशक उन्हें खिलाना चाहते थे, लेकिन उनकी शारीरिक स्थिति का भी सम्मान करना जरूरी है। इसी आधार पर हमने महसूस किया कि उन्हें टीम में रखना सही नहीं होगा।' कोच ने बताया कि टीम मैनेजमेंट ने ओवल टेस्ट के लिए योजना खास तौर पर बुमराह को ध्यान में रखकर बनाई थी, लेकिन अंतिम वक्त में उनकी फिटनेस और वर्कलोड को प्राथमिकता दी गई।

End of Feed