भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार 9 जून को न्यूयॉर्क में खेले जाने वाले महामुकाबले से पहले नसाउ काउंटी मैदान की पिच को लेकर क्रिकेट के गलियारों में जमकर बहस चल रही थी। भारत आयरलैंड के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान पिच में असमान उछाल देखने को मिला था। भारतीय टीम के बल्लेबाज रोहित शर्मा और ऋषभ पंत मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। रोहित शर्मा के कंधे में चोट लगी और वो 52 रन की पारी खेलने के बाद रिटायर्ड हो गए। ऐसे में पूर्व भारतीय और अन्य क्रिकेटरों ने पिच पर सवाल उठाए। कुछ ने तो इसे खतरनाक पिच करार दिया। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन, इरफान पठान और संजय मांजरेकर समेत कई दिग्गजों ने पिच पर सवाल उठाये हैं। यह भी कहा जा रहा है कि विश्व कप मैच कराने से पहले इस पर कुछ अभ्यास मैच क्यों नहीं खेले गए?
रोहित शर्मा और विराट कोहली
पिच में सुधार के लिए उठाए जा रहे हैं कदम
भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों की गेंदबाजी बेहद मजबूत है। दोनों टीमों के बल्लेबाजों के चोटिल होने का भी खतरा है। ऐसे में विवाद को बढ़ता देख बुधवार शाम को आईसीसी को सामने आकर न्यूयॉर्क की पिच को लेकर बयान देना पड़ा। आईसीसी ने बयान में कहा, 'टी20 इंक और आईसीसी स्वीकार करते हैं कि नासाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में अब तक इस्तेमाल की गई पिचों ने लगातार उस तरह बर्ताव नहीं किया जैसा हम सभी चाहते थे। स्थिति में सुधार और बाकी बचे मैचों में सर्वश्रेष्ठ संभव सतह उपलब्ध कराने के लिए मैदानकर्मियों की विश्व स्तरीय टीम कल का मैच समाप्त होने के बाद से कड़ी मेहनत कर रही है।'
वेन्यू में नहीं होगा कोई बदलाव
आईसीसी ने बीबीसी को दिए एक बयान में न्यूयॉर्क की पिच को लेकर कहा कि उनकी इस मैदान में खेले जाने मैचों को डलास और फ्लोरिडा में स्थानांतरित करने की उसकी कोई योजना नहीं है। पहले तो ऐसा लग रहा था कि आईसीसी पिच के व्यवहार पर उठ रहे सवालों को अनदेखा कर रहा है लेकिन उसने अब भरोसा दिलाया है कि आने वाले मैचों में ऐसा नहीं होगा।
(भाषा इनपुट के साथ)
