इंदौर: टीम इंडिया के आतिशी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव विश्व कप 2023 से ठीक पहले अपने रंग में नजर आने लगे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज के लगातार दो मैच में अर्धशतक जड़कर सूर्यकुमार यादव ने यह साबित कर दिया है कि उन्हें विश्व कप के लिए टीम में शामिल किया जाना भूल नहीं है।
सूर्यकुमार यादव
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के लिए सबसे तेज अर्धशतक
इंदौर में सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंद में अपना अर्धशतक जड़ दिया। ये ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा जड़ा वनडे में सबसे तेज अर्धशतक है। इससे पहले ये रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज था। विराट ने 27 गेंद में कंगारुओं के खिलाफ पचासा जड़ा था।
कैमरन ग्रीन के ओवर में जड़े लगातार चार छक्के
इस अर्धशतकीय पारी के दौरान सूर्यकुमार यादव ने कैमरन ग्रीन के एक ओवर में लगातार चार छक्के जड़े और लगातार दूसरा अर्धशतक कंगारुओं के खिलाफ जड़ दिया। सूर्या ने मोहाली में 49 गेंद में 50 रन की पारी खेली थी। दूसरे वनडे में उन्होंने गियर बदलते हुए 24 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। अंत में सूर्या 37 गेंद में 72 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 6 छक्के जड़े।
वनडे में खेली अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी
सूर्यकुमार यादव का यह वनडे क्रिकेट में चौथा अर्धशतक है। सूर्या ने कंगारुओं के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में अपनी सबसे बड़ी पारी खेली। इससे पहले उन्होंने विंडीज के खिलाफ 64 रन बनाए थे वो इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर था।
