स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम पर खिलाड़ियों के बीमार और चोटिल होने का संकट मंडरा रहा है। पहले मैच के बाद अभिषेक शर्मा और जसप्रीत बुमराह की तबीयत खराब हो गई थी। हालांकि, नामीबिया के खिलाफ मुकाबले जसप्रीत बुमराह की प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई लेकिन अभिषेक को जगह नहीं मिली। टॉस के बाद सूर्या ने अभिषेक की तबीयत पर अपडेट दिया।
अभिषेक शर्मा की बीमारी पर सूर्या ने दिया अपडेट। फोटो- AP
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मुकाबले में भारत का सामना नामीबिया से है। दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में नामीबिया के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया ने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए। अभिषेक शर्मा की जगह संजू सैमसन को और सिराज की जगह बुमराह को जगह दी गई है। टॉस के भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक शर्मा की बीमारी पर अपडेट दिया। सूर्या ने कहा कि अभिषेक शर्मा को फिट होने में समय लगेगा।
कप्तान ने दिया चिंताजनक अपडेट
सूर्या ने कहा, 'हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे। इससे बहुत खुश हैं। जब तक हम टॉस हारकर मैच जीत रहे हैं, तब तक हमें कोई आपत्ति नहीं है। यह एक बड़ा टूर्नामेंट है और ओस का असर काफी अहम होगा, लेकिन जब आप पहले बल्लेबाजी करते हैं और अच्छी तरह से बचाव करते हैं, तो मुझे लगता है कि इससे आत्मविश्वास बढ़ता है।'
एक-दो मैच मिस करेंगे अभिषेक
भारतीय कप्तान ने आगे कहा, 'विकेट बहुत अच्छा है। उम्मीद है कि बल्लेबाज मैदान पर उतरकर अच्छा प्रदर्शन करेंगे। अभिषेक अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं, वह एक-दो मैच नहीं खेल पाएंगे। संजू टीम में आए हैं, वह भी अभिषेक की तरह ही विस्फोटक बल्लेबाज हैं। बुमराह सिराज की जगह टीम में आए हैं।'
15 फरवरी को खेला जाएगा महामुकाबला
सूर्या के बयान से यह लगता है कि बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ रविवार, 15 फरवरी को होने वाले महामुकाबले को मिस कर सकते हैं। भारत और पाकिस्तान का यह रोमांचक मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा। ऐसे में अभिषेक का ठीक ना होने थोड़ी परेशानी का सबब हो सकता है। हालांकि, फैंस उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।
