सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया में वापसी को लेकर कहा...नहीं छोड़ी है उम्मीद

भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान ने वापसी की उम्मीद नहीं छोड़ी है। सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया में वापसी को लेकर जानिए क्या कहा?

नागपुर: टी20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि भारतीय टीम से बाहर रहना पीड़ादायक है, लेकिन उम्मीद की किरण हमेशा बनी रहती है। भारत के लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतने के बाद सूर्यकुमार को राष्ट्रीय टीम से बाहर कर दिया गया था। मुंबई का यह क्रिकेटर फिलहाल घरेलू क्रिकेट में खेल रहा है।

surya kumar yadav

सूर्यकुमार यादव (फोटो क्रेडिट BCCI X)

टीम से बाहर होना है पीड़ादायक

सूर्यकुमार ने पत्रकारों से कहा,'निश्चित तौर पर भारतीय टीम से बाहर होना पीड़ादायक है। आप लगातार पांच साल तक खेलते हैं और फिर अचानक आपको बाहर कर दिया जाता है। इससे दुख होता है, लेकिन यही तो इस खेल का असली आनंद है। उन्होंने कहा,'यह खेल आपको बहुत कुछ सिखाता है। इसने मुझे पिछले दो वर्षों में और आईपीएल के बाद भी बहुत कुछ सिखाया है। कहा भी जाता है कि हर मुश्किल के बाद उम्मीद की किरण जरूर होती है। इसलिए तब तक खेल जारी रहना चाहिए।'

फिलहाल खिताब जीतना है लक्ष्य

सूर्यकुमार ने कहा कि वह बहुत आगे की नहीं सोच रहे हैं और वर्तमान पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने कहा,'आईपीएल अभी बहुत दूर है। इसके बीच में कई अन्य टूर्नामेंट हैं। मुश्ताक अली ट्रॉफी के बाद विजय हजारे ट्रॉफी है और फिर रणजी ट्रॉफी का दूसरा चरण। फिलहाल, मेरा पूरा ध्यान (मुश्ताक अली ट्रॉफी के) सुपर लीग पर है। मेरा ध्यान हर मैच में जीत हासिल करने और आखिर में खिताब जीतने पर है।'

नहीं है बल्लेबाजी में कोई खामी

सूर्यकुमार ने इसके साथ ही कहा कि उनकी बल्लेबाजी में किसी तरह की खामी नहीं है। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि मेरी बल्लेबाजी में कुछ गड़बड़ हुई है। मैं पिछले पांच साल से इसी तरह खेल रहा हूं। मैं चाहे भारत की तरफ से खेलूं या मुंबई के लिए, मुझे बल्लेबाजी करने में हमेशा आनंद आया है।'

(भाषा)

End Article
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रका...

End of Feed