IND vs AUS: कोहली को गावस्कर की नसीहत, बोले- तेंदुलकर की इस यादगार पारी से लें सीख

IND vs AUS: लगातार बाहर जाती गेंदों पर आउट हो रहे विराट कोहली को सुनील गावस्कर ने एक अहम सलाह दी है। ब्रिसबेन टेस्ट में भी कोहली बाहर जाती गेंदों को हिट करने के प्रयास में कॉट बिहाइंड हुए जिसके बाद गासवस्कर ने उन्हें यह सलाह दी।

महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने सोमवार को भारत के सुपरस्टार विराट कोहली से कहा कि वह 2004 में सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सचिन तेंदुलकर की यादगार 241 रन की पारी से प्रेरणा लें और ऑफ स्टंप के बाहर की गेंदों के खिलाफ अपने लगातार संघर्ष को खत्म करने के लिए कवर ड्राइव खेलने से परहेज करें। ब्रिसबेन टेस्ट के बारिश से प्रभावित तीसरे दिन कोहली एक बार फिर असफल रहे जब जोश हेजलवुड ने उन्हें तीन के निजी स्कोर पर विकेट के पीछे कैच करा दिया।

Virat kohli and Sunil Gavaskar

विराट कोहली और सुनील गावस्कर (साभार-ंX)

भारत ने तीसरे दिन का खेल समाप्त घोषित किए जाने पर 51 रन तक चार विकेट गंवा दिए थे। गावस्कर ने कहा कि कोहली को ‘अपने हीरो’ तेंदुलकर से आगे देखने की जरूरत नहीं है जिन्होंने एससीजी में 33 चौकों की मदद से 436 गेंद पर 241 रनों की असाधारण पारी खेली थी जबकि वह भी 2003-04 के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान विकेट के पीछे कैच आउट होने की समस्या से जूझ रहे थे। कोहली ने मौजूदा दौरे पर अब तक 05, नाबाद 100, 07, 11 और 03 रन की पारियां खेली हैं।

End of Feed