लंदन: चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व हेड कोच और न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग इंग्लैंड की टेस्ट टीम के हेड कोच हो सकते हैं। 'द टेलीग्राफ' की रिपोर्ट के मुताबिक, चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व हेड कोच और न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग इंग्लैंड के अगले टेस्ट कोच बनने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
स्टीफन फ्लेमिंग (फोटो क्रेडिट AI Generated)
नाम तय, आधिकारिक ऐलान बाकी
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड(ECB) ने कई उम्मीदवारों का एक सप्ताह तक चले इंटरव्यू और बैठकों के बाद स्टीफन फ्लेमिंग को ब्रेंडन मैकुलम की जगह इंग्लैंड के नए टेस्ट कोच बनाने का फैसला कर लिया है। आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान होना बाकी है। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैच की घरेलू टेस्ट सीरीज में हार के बाद मैकुलम चार साल लंबे अंतराल के बाद इंग्लैंड टेस्ट टीम से अलग हो गए हैं। पिछले साल एशेज में शर्मनाक हार के बाद से ही उनके ऊपर दबाव था और कीवी टीम के खिलाफ हार ने रही-सही कसर भी पूरी कर दी। ऐसे में मैकुलम को टीम से अलग होने का ऐलान करना पड़ा।
इस सीरीज से पहले संभालेंगे जिम्मेदारी
इंग्लैंड की अगली टेस्ट सीरीज पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू मैदान पर होनी है। अगस्त और सितंबर में तीन मैचों की सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम पाकिस्तान की मेजबानी करेगी। ऐसे में ईसीबी इस सीरीज से पहले कोच का चयन करना चाहता था। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 साइकल की खराब शुरुआत के बाद स्थिति में सुधार के लिए यह इंग्लैंड के लिए बेहद अहम सीरीज है। ऐसे में ईसीबी किसी भी तरह की कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता है। हालांकि फ्लेमिंग आनन-फानन में टीम के हेड कोच का पद संभालने की स्थिति में हैं या नहीं ये स्थिति स्पष्ट नहीं है।
फ्लेमिंग इनको पछाड़कर बनेंगे कोच
फ्लेमिंग ने इंग्लैंड का नया कोच बनने की रेस में रिचर्ड डॉसन और जोनाथन ट्रॉट को पीछे छोड़ा है। फ्लेमिंग के अलावा ईसीबी ने इंग्लिश कोच रिचर्ड डॉसन और जोनाथन ट्रॉट के नामों पर भी विचार किया था। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों में ऑस्ट्रेलियाई कोच टॉम मूडी भी शामिल थे। हालांकि, माना जा रहा है कि इंटरव्यू प्रोसेस के बाद फ्लेमिंग ने बोर्ड को सबसे ज़्यादा प्रभावित किया है और अब वे जल्द ही इंग्लैंड की नेशनल टेस्ट टीम की कमान संभालने वाले हैं।
