स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियन गेम्स के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका ने दो विकेट गंवाकर 17.5 ओवर में मैच अपने नाम कर लिया।
श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया। फोटो- ACC
Women Asian Games 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मैच की पहली ही गेंद पर सुगंदिका कुमारी ने गुल फिरोज को क्लीन बोल्ड कर चमारी अटापट्टू के फैसले को सही साबित किया। हालांकि, इसके बाद सायरा जबीन और जुल्फिकार ने दूसरे विकेट के लिए 31 गेंद पर 34 रन की की साझेदारी कर टीम को वापसी करने का मौका दिया।
जुल्फिकार और आयशा ने जड़े अर्धशतक
जबीन 14 रन बनाकर आउट हुईं। तीसरे विकेट के लिए जुल्फिकार और आयशा जफर के बीच शतकीय साझेदारी हुई। दोनों ने मिलकर 70 गेंद पर 115 रन जोड़े। यहां से लगा कि पाकिस्तान ने मैच में पकड़ बना ली है। जुल्फिकार 54 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, आयशा जफर 71 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुईं। कप्तान फातिमा सना ने तेज खेलते हुए नाबाद 20 रन की पारी खेल टीम को 170 के पार पहुंचाया।
चमारी अटापट्टू की कप्तानी पारी
178 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने ठोस शुरुआत की। कप्तान चमारी अटापट्टू और इमेशा दुलानी ने पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े। दुलानी 27 रन बनाकर आउट हुईं। दूसरे विकेट के लिए हसिनी परेरा के साथ अटापट्टू ने 56 गेंद पर 95 रन की साझेदारी की। इस दौरान कप्तान ने अपना अर्धशतक पूरा किया। परेरा अपने अर्धशतक से 8 रन दूर रह गईं। वह 26 गेंद पर 42 रन बनाकर आउट हुईं।
पाकिस्तान का सपना टूटा
दूसरे छोर पर कप्तान डटी रहीं और टीम को अंत में जीत दिलाकर नाबाद लौटीं। उन्होंने हर्षिता समरविक्रमा (नाबाद 17) के साथ 47 रन की नाबाद साझेदारी की। चमारी 50 गेंद पर 7 चौके और 6 छक्कों की मदद से 83 रन बनाकर नाबाद रहीं। श्रीलंका ने 17.5 ओवर में टारगेट हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, पाकिस्तान का फाइनल खेलने का सपना तोड़ दिया।
