PAK vs SL Highlights: 48 घंटे से भी कम का वक्त हुआ है जब पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ अप्रत्याशित जीत दर्ज कर सनसनी मचा दी थी, लेकिन अब श्रीलंका के खिलाफ उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। लगा ही नहीं कि ये वही पाकिस्तानी टीम है जिसने 48 घंटे पहले 10वें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर इंग्लैंड के जबड़े से जीत छीन ली थी। लाहौर के गद्दाफी क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को आठ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ श्रीलंका ने इंग्लैंड की ट्राई सीरीज के फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदों को खत्म कर दिया।
पाकिस्तान बनाम श्रीलंका (साभार-X)
श्रीलंका की इस जीत के हीरो रहे तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका जिन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 34 रन देकर पांच विकेट झटके। टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम केवल 110 रन पर सिमट गई। श्रीलंका ने 111 रन का लक्ष्य 18.1 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। डे-नाइट वाले इस मुकाबले में जब तक फ्लडलाइट पूरी तरह से जलती श्रीलंका ने पाकिस्तान की जीत की बत्ती बुझा दी थी। श्रीलंका ने इससे पहले रावलपिंडी में इंग्लैंड के खिलाफ 430 रन के लक्ष्य का पीछा करके वनडे इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया था।
श्रीलंका की ओर से कामिंदु मेंडिस ने 60 गेंद में नाबाद 62 रन बनाए। उन्हें खाता खोलने से पहले ही विकेटकीपर ने जीवनदान दे दिया था। इसके अलावा 44 रन के निजी स्कोर पर उन्होंने रिव्यू लेकर मैदानी अंपायर के पगबाधा के फैसले को पलटवा दिया। बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए।
पाकिस्तान ने इंग्लैंड को दो बार हराकर पहले ही फाइनल में जगह बना ली थी। इनमें रविवार को एक विकेट से मिली रोमांचक जीत भी शामिल है। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में श्रीलंका को 37 रन से हराया था। पाकिस्तान ने चार मैच में तीन जीत के साथ छह अंक लेकर लीग चरण का समापन किया। दो जीत के साथ चार अंक हासिल कर चुकी श्रीलंकाई टीम शनिवार को होने वाले फाइनल से पहले बृहस्पतिवार को इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी।
