03 MAY के खेल सुर्खियां की बात करें तो आईपीएल फैंस के लिए बुधवार को अच्छी और बुरी खबर दोनों है। अच्छी खबर है कि आरसीबी के स्टार बल्लेबाज रजत पाटीदार का सफल ऑपरेशन हुआ। वे अब पूरी तरह से ठीक हैं। बीसीसीआई ने उनका ऑपरेशन करवाया है। वहीं, बुरी खबर लखनऊ के फैंस को दोहरा झटका लगा है। एलएसजी के कप्तान केएस राहुल के जांघ में गंभीर चोट के बाद लीग के बचे हुए सत्र से बाहर हो गए हैं। इसके अलावा टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट के कंधे की स्थिति भी गंभीर है और वह भी इस आईपीएल से बाहर हो गए। वहीं बुधवार को मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में पंजाब किंग्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगी। इस मुकाबले में मुंबई हिसाब चुकता करने के इरादे से उतरेगी।
शिखर धवन और केएल राहुल को ले जाते हुए। (फोटो- IPL/BCCI)
मुंबई से भिड़ने फिर उतरेगी पंजाब की टीम
आईपीएल के 46वें मुकाबले में पंजाब किंग्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। यह मुकाबला मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडिसम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमें अपने अंतिम मुकाबने में जीत हासिल कर इस मुकाबले तक पहुंची है। पंजाब की टीम 10 अंक के साथ टेबल में छठे नंबर पर है, जबकि खराब शुरुआत करने वाली मुंबई की टीम 8 अंक के साथ सातवें नंबर पर है।
पाटीदार की एड़ी की सर्जरी सफल रही
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के क्रिकेटर रजत पाटीदार की चोटिल एड़ी की सर्जरी सफल रही। पाटीदार इस चोट के कारण इडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सत्र से बाहर है। मध्य प्रदेश के 29 वर्षीय क्रिकेटर को आईपीएल सत्र से पहले आरसीबी के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने से पहले चोट लग गई थी। बाद में उन्हें रिहैबिलिटेशन (चोट से उबरने की प्रक्रिया) के लिए बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) भेजा गया था। पिछले साल आईपीएल में अपना पहला शतक जड़ने वाले पाटीदार ने प्ले-ऑफ में नाबाद 112 रन बनाए थे। उन्होंने पिछले सत्र में आठ मैचों में 55 से ज्यादा के औसत से रन बनाए थे।
योग को साप्ताहिक कार्यक्रम में शामिल करने से मिली मदद
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने बुधवार को कहा कि योग को अपने साप्ताहिक कार्यक्रम में शामिल करने के आश्चर्यजनक परिणाम निकले और इससे उन्हें एकाग्रता बनाए रखने और लचीलापन हासिल करने में मदद मिली। हरमनप्रीत ने कहा, ‘यह साल हमारे लिए काफी व्यस्त है और हमें लगातार प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना है इसलिए हम खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से तरोताजा रखने पर काम कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘हमारे साप्ताहिक कार्यक्रम में योग को शामिल किया गया और इससे हमें अपनी एकाग्रता बनाए रखने और साथ ही लचीलापन हासिल करने में बहुत मदद मिली।’
पीटी उषा ने प्रदर्शनकारी पहलवानों को दिया आश्वासन
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने वाले पहलवानों के प्रति असंवेदनशील होने के आरोपों का सामना कर रही भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने बुधवार को जंतर-मंतर पर उनसे मुलाकात की और उन्हें समर्थन का आश्वासन दिया। पूर्व फर्राटा धाविका उषा ने इससे पहले अपने मुद्दों के लिए आईओए से संपर्क करने के बजाय फिर से विरोध शुरू करने के लिए पहलवानों की कड़ी आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि पहलवानों को अनुशासन दिखाना चाहिए था। इस टिप्पणी के बाद उनकी और आईओए की आलोचना हुई थी। उषा मीडिया से बात किए बिना चली गईं लेकिन बजरंग पूनिया ने कहा कि उन्होंने मदद का आश्वासन दिया है।राहुल आईपीएल से बाहर, जांच के लिए मुंबई जायेंगे
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान लोकेश राहुल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ टीम के पिछले मैच के दौरान जांघ में गंभीर चोट के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बचे हुए सत्र से बाहर हो गए हैं। राहुल के साथ ही पीटीआई-भाषा इस बात की भी पुष्टि कर सकती है कि टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट के कंधे की स्थिति भी गंभीर है और वह भी इस आईपीएल से बाहर हो गए हैं। समझा जाता है कि बीसीसीआई की खेल विज्ञान और चिकित्सा टीम के लिए सीनियर बल्लेबाज एवं विकेटकीपर राहुल को लंदन में सात से 11 जून तक होने वाले विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिए तैयार करना मुश्किल होगा।
मेसी सऊदी अरब की यात्रा नहीं करेंगे
फ्रांस की मशहूर फुटबाल क्लब पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी को क्लब की अनुमति के बिना सऊदी अरब की यात्रा करने के लिए निलंबित कर दिया है। इस मामले से अवगत एक व्यक्ति ने गोपनीयता की शर्त पर एसोसिएट प्रेस को यह जानकारी दी। इस व्यक्ति ने निलंबन की अवधि के बारे में नहीं बताया लेकिन फ्रांसीसी मीडिया के अनुसार मेसी को दो सप्ताह के लिए निलंबित किया गया है। मेसी को दो सप्ताह के लिए निलंबित किए जाने का मतलब है कि वह पीएसजी की तरफ से अगले दो मैचों में नहीं खेल पाएंगे।
चेल्सी को हराकर प्रीमियर लीग में शीर्ष पर पहुंचा आर्सेनल
आर्सेनल ने चेल्सी को 3-1 से हराकर इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) फुटबॉल प्रतियोगिता में फिर से शीर्ष स्थान हासिल करके खिताब जीतने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा। आर्सेनल पिछले चार मैचों में जीत दर्ज नहीं कर पाया था। इनमें से तीन मैच उसने ड्रॉ खेले थे। इससे मैनचेस्टर सिटी उससे आगे निकलकर शीर्ष पर काबिज हो गया था। आर्सेनल फिलहाल अंक तालिका में चोटी पर पहुंच गया है लेकिन सिटी उससे ज्यादा पीछे नहीं है। आर्सेनल के अब 34 मैचों में 78 अंक हैं जबकि सिटी के 32 मैचों में 76 अंक हैं।
(भाषा इनपुट के साथ)
