स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। तीन मैच की टेस्ट सीरीज में मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे टेस्ट में कमाल की वापसी की। गकेबरहा में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में मेहमान ऑस्ट्रेलिया को पारी और 31 रन से धूल चटाई और पहले टेस्ट में मिली हार का बदला लिया। साउथ अफ्रीका की इस जीत के चलते सीरीज 1-1 की बराबरी पर आ गई है। आखिरी टेस्ट मैच अब सीरीज का फाइनल मैच बन गया है।
साउथ अफ्रीका ने जीता दूसरा टेस्ट मैच।
बारिश से प्रभावित मैच में एक समय साउथ अफ्रीका 97 रन पर 5 विकेट खोकर हार की कगार पर खड़ा था। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया ने मैच मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी, लेकिन तीसरे दिन कप्तान टेम्बा बावूमा (179 रन), मार्को यानसन (85) और साइमन हार्मर (82) की जुझारू पारियों ने मैच का रूख बदल दिया। मेजबान टीम ने वापसी करते हुए 9 विकेट पर 425 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।
1988 के बाद तीसरी बार खेला फॉलोऑन
इसके बाद साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 99 रन पर आउट किया, जिससे मेहमान टीम को 1988 के बाद सिर्फ तीसरी बार फॉलोऑन खेलना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में ज्यादा मजबूती दिखाई, जिसमें ट्रेविस हेड ने सेंचुरी बनाई और स्कॉट बोलैंड ने मेजबान टीम को परेशान करने के लिए डटे रहे। हालांकि, साउथ अफ़्रीका ने जोर लगाना जारी रखा और जैसे ही मुल्डर ने हेड को आउट किया मेहमान टीम मैच पर अपनी पकड़ खोने लगी।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ हेड का पहला शतक
आखिरी दिन का खेल दोपहर तक के लिए टाल दिया गया था, क्योंकि सुबह की बारिश की वजह से पहला सेशन धुल गया था। जब आखिरकार खेल फिर से शुरू हुआ, तो हेड ने ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद देते हुए 151 गेंद पर अपना शतक पूरा किया। यह विदेश में उनका सिर्फ़ दूसरा टेस्ट शतक था, इससे पहले उन्होंने 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में 163 रन बनाए थे। यह शतक साउथ अफ़्रीका के खिलाफ उनका पहला और टेस्ट क्रिकेट में ओपनर के तौर पर उनका चौथा शतक भी था।
रबाडा और यानसन की घातक गेंदबाजी
साउथ अफ्रीका को एक ब्रेकथ्रू की ज़रूरत थी और मुल्डर ने हेड को आउट किया। स्कॉट बोलैंड ने 40 रन की पारी खेली और साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों को खूब परेशान किया। स्टीव स्मिथ 7 नंबर पर बल्लेबाजी करने आए, लेकिन कुछ खास नहीं कर सके और महज तीन रन बनाकर आउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया का आखिरी विकेट जोश हेजलवुड के रूप में गिरा। यानसन ने मार्करम के हाथों कैच आउट कराकर साउथ अफ्रीका की जीत पर मुहर लगा दी। अफ्रीका की तरफ से मार्को यानसन और कगिसो रबाडा ने दोनों पारियों में मिलाकर 6-6 विकेट चटकाए।
