Sourav Ganguly prediction for World Cup 2023: टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज कप्तान व पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) आज अपना 51वां जन्मदिन मना रहे हैं। गांगुली ने इसी बीच एक बड़ी भविष्यवाणी भी कर डाली है। ये भविष्यवाणी आईसीसी वनडे क्रिकेट विश्व कप 2023 से जुड़ी है। दादा ने अपनी भविष्यवाणी में बताया है कि कौन सी वो चार टीमें होंगी जो भारत में होने वाले इस वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल (ODI World Cup 2023 Semi Finals) में जगह बनाएंगी।
सौरव गांगुली
भारत में 5 अक्टूबर से 19 नवंबर के बीच आईसीसी वनडे विश्व कप का आयोजन होना है और धीरे-धीरे इसको लेकर उत्साह बढ़ता जा रहा है। टूर्नामेंट में इस बार 10 टीमें होंगी और टूर्नामेंट राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेला जाएगा। सभी दस टीमें एक-दूसरे से एक बार जरूर खेलेंगी और फिर अंकों के आधार पर चार शीर्ष टीमें सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाने में सफल होंगी। विश्व कप 2019 में भी टूर्नामेंट इसी फॉर्मेट के तहत खेला गया था जिसमें भारत सेमीफाइनल में पहुंचकर हारा था और अंत में इंग्लैंड की टीम पहली बार वनडे विश्व चैंपियन बनी थी।
सौरव गांगुली ने विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल के लिए जिन चार टीमों का नाम लिया है उसमें तीन नाम उन्होंने काफी आत्मविश्वास के साथ लिए, जबकि एक नाम में वो थोड़ा सा असमंजस में नजर आए। इसके बाद उन्होंने कहा कि वो चार की जगह पांच टीमों का नाम लेना चाहेंगे और जिस पांचवीं टीम का नाम उन्होंने लिया वो भी काफी दिलचस्प रहा।
दादा ने 'रेवस्पोर्ट्स' से बातचीत के दौरान कहा, "ये कहना काफी मुश्किल है। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत। वहीं आप न्यूजीलैंड को बड़े मैचों में कभी भी कम नहीं आंक सकते। मैं पांच नाम चुनूंगा और पाकिस्तान को नाम भी लूंगा।" इसके बाद उन्होंने हंसते हुए कहा, "पाकिस्तान जरूर क्वालीफाई करे ताकि हम ईडेन गार्डन्स में भारत-पाकिस्तान सेमीफाइनल देख सकें।"
