Sourav Ganguly Head Coach: मैदान पर फिर दिखेगी दादागिरी, इस टीम के हेड कोच बने सौरव गांगुली

सौरव गांगुली को दिल्ली कैपिटल्स की फ्रेंचाइजी एसए20 टीम प्रिटोरिया कैपिटल्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। यह बतौर हेड कोच सौरव गांगुली का किसी भी टीम के साथ पहला असाइनमेंट होगा।

सेंचुरियन: पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को रविवार को 2026 सत्र से पहले एसए20 टीम प्रिटोरिया कैपिटल्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया। यह किसी टीम का मुख्य कोच बनने का उनका पहला कार्यकाल होगा। बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष गांगुली इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट की जगह लेंगे जिनके पद छोड़ने की घोषणा शनिवार को की गई थी। सेंचुरियन स्थित फ्रेंचाइजी ने इंस्टाग्राम पर लिखा,'हमें सौरव गांगुली को अपना नया मुख्य कोच घोषित करते हुए बेहद खुशी हो रही है।'

Sourav Ganguly

सौरव गांगुली(फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

पहली बार हेड कोच की भूमिका में नजर आएंगे सौरव गांगुली

यह पहली बार होगा जब गांगुली किसी क्रिकेट टीम के मुख्य कोच होंगे। 2018 और 2019 के बीच गांगुली आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स के टीम निदेशक थे। बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने यह पद छोड़ दिया था। प्रिटोरिया कैपिटल्स का स्वामित्व जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के पास है जो दिल्ली कैपिटल्स का सह-मालिक है। गांगुली को पिछले साल जेएसडब्ल्यू का क्रिकेट निदेशक नियुक्त किया गया था।

End of Feed