SL vs WI 2nd T20 Highlights: श्रीलंका ने दूसरे टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज को 73 रन से हराकर 3 मैच की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। दांबुला में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज के सामने 163 रन का लक्ष्य था, लेकिन अपना पहला मुकाबले खेल रहे दुनिथ वेलालगे की बेहतरीन स्पेल के सामने वेस्टइंडीज की टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई। वेस्टइंडीज 163 रन के जवाब में 16.1 ओवर में 89 रन के स्कोर पर ढेर हो गई।
श्रीलंका बनाम वेस्टइंडीज (साभार-SL X)
10 में से 9 विकेट श्रीलंका के स्पिन गेंदबाजों ने चटकाए। सर्वाधिक 3 विकेट वेलालगे ने जबकि महीश तीक्ष्णा, चरिथ असलांका और वानिंदू हसरंगा ने 2-2 खिलाड़ियों को आउट किया। वेस्टइंडीज की ओर से सर्वाधिक 20 रन की पारी कप्तान रोवमैन पावेल ने खेली। अपना पहला टी20 मुकाबला खेल रहे वेलालगे ने 4 ओवर की गेंदबाजी में केवल 9 रन खर्चे और 3 विकेट चटकाया।
इससे पहले श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 162 रन का स्कोर खड़ा किया। श्रीलंका की ओर से पथुम निसांका ने 54 और कुसल मेंडिस ने 26 रन की पारी खेली। इस जीत के साथ श्रीलंका ने 3 मैच की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। वेस्टइंडीज ने पहले मैच में मेजबान श्रीलंका को 5 विकेट से पटखनी दी थी और 1-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 17 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
