ढाका, 26 जून 2025: पथुम निसंका के लगातार दूसरे टेस्ट मैच में शतक की बदौलत श्रीलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन पहली पारी में दो विकेट के नुकसान पर 290 रन बना लिए। बांग्लांदेश की टीम अपनी पहली पारी में 247 रन पर सिमट गई थी।
पथुम निसंका (फोटो- AP)
निसंका का शानदार प्रदर्शन जारी
निसंका ने पिछले हफ्ते गॉल में हुए पहले टेस्ट (जो ड्रॉ रहा) में 187 रन की अपनी करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली थी। अब उन्होंने दूसरे टेस्ट में 238 गेंदों का सामना करते हुए 18 चौकों की मदद से नाबाद 146 रन बनाए हैं।
चांदीमल-निसंका की जोड़ी ने बांधी कमान
निसंका और दिनेश चांदीमल ने बांग्लादेश के गेंदबाजों के खिलाफ मजबूत बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 194 रन की साझेदारी की। चांदीमल 153 गेंदों में 93 रन बनाकर शतक से सिर्फ सात रन दूर रह गए, लेकिन नईम हसन की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में वह विकेटकीपर लिटन दास को कैच दे बैठे। यह पहला मौका था जब चांदीमल 90 से अधिक रन बनाने के बाद आउट हुए।
श्रीलंका की मजबूत शुरुआत
श्रीलंका ने निसंका और लाहिरू उदारा (40 रन) की 88 रन की साझेदारी के साथ अच्छी शुरुआत की, लेकिन लंच के बाद ताईजुल इस्लाम ने उदारा को आउट कर यह साझेदारी तोड़ दी। चाय के बाद निसंका ने खलीद अहमद के खिलाफ चौका लगाकर 167 गेंदों में अपना चौथा टेस्ट शतक पूरा किया।
बांग्लादेश की पहली पारी
बांग्लांदेश ने दिन की शुरुआत आठ विकेट पर 220 रन से की थी, लेकिन सिर्फ 27 रन जोड़कर अंतिम दो विकेट गंवा दिए। डेब्यू करने वाले बाएं हाथ के स्पिनर सोनल दिनुषा ने 22 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो ने 51 रन देकर तीन विकेट झटके।अब तक के खेल में श्रीलंका ने बांग्लादेश पर 43 रन की बढ़त बना ली है और तीसरे दिन का खेल निसंका (146) और प्रभात जयसूर्या (5) के साथ शुरू होगा।
