टी20 वर्ल्ड कप टीम में न चुने जाने पर पहली बार सामने आई शुभमन गिल की प्रतिक्रिया

वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने पहली बार टी20 वर्ल्ड कप टीम में न चुने जाने पर प्रतिक्रिया दी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए गिल का नाम 15 सदस्यीय टीम में नहीं है। ऐसा तब हुआ जब इस फॉर्मेट में गिल टीम के उप-कप्तान भी हैं।

टी20 विश्व कप टीम से बाहर किए जाने के बाद भारत के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने शनिवार को कहा कि वह चयनकर्ताओं के फैसले का सम्मान करते हैं और जब भी मौका मिलेगा अपनी पूरी क्षमता के साथ योगदान देने की कोशिश करेंगे। गिल को अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप के लिए नहीं चुना गया लेकिन 26 साल का यह खिलाड़ी खेल के दो अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में भारत का नेतृत्व करता रहेगा। गिल ने भारत के लिए 36 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 869 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 28.03 और स्ट्राइक रेट 138.59 का रहा है।

Shubman Gill

शुभमन गिल (साभार-BCCI)

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला के शुरूआती वनडे से पहले गिल ने कहा, ‘‘ मैं वहीं हूं, जहां मुझे होना है। मेरी तकदीर में जो लिखा है उसे कोई मुझसे नहीं छीन सकता। एक खिलाड़ी हमेशा यह मानता है कि वह देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देगा। चयनकर्ताओं ने अपना निर्णय लिया है। मैं हमेशा वर्तमान में रहने की कोशिश करता हूं, इससे जीवन आसान हो जाता है।’ भारत टी20 विश्व कप से पहले तीन वनडे और पांच टी20 मुकाबले खेलेगा। विश्व कप की शुरुआत सात फरवरी से होगी।

End of Feed