भारत ने रोमांचक तरीके से विशाखापट्टनम टेस्ट 106 रन से जीतकर 5 मैच की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 399 रन का लक्ष्य था जो चौथी पारी में किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होता, लेकिन जब सामने बैजबॉल स्टाइल वाली टीम हो तो सावधान रहना पड़ता है। लेकिन अश्विन और बुमराह की गेंदबाजी ने इंग्लैंड की मंसूबों पर पानी फेरते हुए उसे 292 रन पर रोक दिया।
श्रेयस अय्यर (साभार-BCCI)
टीम इंडिया की इस जीत में रविचंद्रन अश्विन और जसप्रीत बुमराह के अलावा शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ने कमाल किया। बुमराह और अश्विन ने 3-3 विकेट चटकाए। लेकिन कुछ ऐसा हुआ जिससे श्रेयस अय्यर सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगे।
अय्यर ने लिया स्टोक्स से बदला
जो रूट और जैक क्राउली के अलावा इंग्लैंड की दूसरी पारी में टीम इंडिया की राह में जो सबसे बड़ा रोड़ा था वो थे कप्तान बेन स्टोक्स जिन्हें अय्यर ने अपनी सटीक थ्रो से रन आउट किया। 53वें ओवर में अश्विन की गेंद पर बेन फोक्स ने रन लेना चाहा। इससे पहले कि नॉन स्ट्राइकर पर खड़े बेन स्टोक्स पहुंच पाते। अय्यर की सटीक थ्रो ने उनका काम तमाम कर दिया। फिर क्या था अय्यर ने अपने कैच का बदला लिया और स्टोक्स की ओर इशारा कर विकेट को सेलिब्रेट किया। इसके बाद अय्यर का यह सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्टोक्स से क्या है कनेक्शन?
दरअसल टीम इंडिया जब दूसरी पारी में बल्लेबाजी कर रही थी और अय्यर का कैच बेन स्टोक्स ने पकड़ा था उन्होंने कुछ इसी तरह से सेलिब्रेट किया था। यही कारण है कि अय्यर ने रन आउट करने के बाद इस तरह से सेलिब्रेट किया और तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। नतीजा बल्लेबाजी में बेहतर न करने के बावजूद अय्यर सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। अय्यर ने पहली पारी में 27 और दूसरी पारी में 29 रन बनाए।
