6 मैच और दो सीरीज के इंतजार के बाद आखिरकार श्रेयस अय्यर ने बतौर भारतीय कप्तान पहली सीरीज जीत का स्वाद चखा। मैच के बाद अय्यर ने इसका श्रेय ईशान किशन और तिलक वर्मा की बल्लेबाजी को दिया। इतना ही नहीं उन्होंने प्रिंस यादव की इंजरी को लेकर भी अपडेट दिया। अय्यर ने कहा 'मैं बहुत उत्साहित हूं। शानदार जीत है और इसमें हर खिलाड़ी का बेहतरीन योगदान रहा। बल्लेबाजी से शुरू करें तो, ईशान और तिलक का खेल लाजवाब था। मुझे लगा था कि 180-200 का स्कोर ठीक रहेगा, लेकिन हमने 220 रन बनाए, जो शानदार था।
श्रेयर अय्यर (साभार-X)
सब कुछ सोच पर निर्भर करता है। वर्तमान में रहो और अपने लक्ष्य को हासिल करने की कोशिश करो। दुर्भाग्य से हमारा एक खिलाड़ी चोटिल हो गया है, इसलिए कल आपको कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
मैच की बात करें तो भारत ने यह मुकाबला 90 रन से अपने नाम किया और तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 219 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई। जिम्बाब्वे की ओर से सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- तिलक की एक पारी और टूट गया धोनी और रैना का रिकॉर्ड
भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके, जबकि डेब्यू कर रहे यश ठाकुर और प्रिंस यादव ने दो-दो विकेट लिए। इससे पहले भारत ने तिलक वर्मा के 60 और ईशान किशन के 81 रन की पारी के दम पर 5 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। कप्तान अय्यर बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उन्होंने 20 गेंद में 25 रन की पारी खेली। सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला रविवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा जहां टीम इंडिया क्लीन स्वीप करने के इरादे से उतरेगी।
