नई दिल्ली: टीम इंडिया के टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैच की सीरीज में धमाकेदार शुरुआत की। विंडीज के खिलाफ लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में उन्होंने जीत के लिए मिले 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 42 गेंद में अपना शतक 10 चौके और छक्के की मदद से पूरा किया। इसके बाद टीम को 14.4 ओवर में 8 विकेट से जीत दिलाकर नाबाद पवेलियन लौटे। अय्यर 102 रन बनाकर नाबाद रहे।
श्रेयस अय्यर (फोटो क्रेडिट BCCI X)
अभिषेक नायर को दिया अय्यर ने श्रेय
यह आतिशी शतकीय पारी अय्यर के लिए एक अहम मोड़ पर आई। ऐसे में अय्यर ने अपने करियर के पहले टी20आई शतक का श्रेय अपने लंबे समय के मेंटर और भारत के पूर्व असिस्टेंट कोच अभिषेक नायर को दिया है। नायर के साथ अय्यर का कोच-मेंटर का रिश्ता लंबे समय से है, मुंबई घरेलू क्रिकेट, कोलकाता नाइट राइडर्स और नेशनल टीम सेटअप के दौरान दोनों का रिश्ता प्रगाढ हुआ। इससे पहले वो अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने के लिए संघर्ष कर रहे थे। जून में भारत के T20I कप्तान बनने के बाद से केवल दो बार ही 50 रन के आंकड़े को पार कर पाए थे।
बीसीसीआई द्वारा जारी वीडियो में अय्यर ने अपनी शतकीय पारी के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि नायर के साथ हाल ही में हुई बातचीत बहुत काम आई। उन्होंने कहा, अभिषेक नायर के साथ मेरी थोड़ी बातचीत हुई थी, जिसमें हम क्रिकेट के बारे में बात कर रहे थे। मुझे लगता है कि उनके साथ हुई उस बातचीत ने आज के प्रदर्शन में मेरी बहुत मदद की।'
हर गेंद से पहले खुद को तैयार करना था लक्ष्य
अपनी पारी की खासियत के बारे में चर्चा करते हुए भारतीय कप्तान ने कहा, उनकी पारी की खासियत हर गेंद से पहले खुद को तैयार करना और जल्दी ही अपनी लय (रिदम) हासिल करना था। उन्होंने कहा,'आज अपनी बैटिंग में मैंने जो मुख्य बात देखी, वह थी गेंद फेंके जाने से पहले खुद को सेट करना, और यह तरीका बिल्कुल सही रहा। इसलिए पारी की शुरुआत में वह मोमेंटम और रिदम बनाना जरूरी था, और यह बहुत अच्छी तरह काम आया।'
अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें
अय्यर ने जापान से लौटने और तत्काल इंटरनेशनल क्रिकेट की जरूरतों के हिसाब से खुद को ढालने की चुनौती के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा, 'मैं बहुत खुश हूं, यह एक शानदार शुरुआत है। जापान से लौटने के बाद यहां एक मजबूत प्लेइंग-11 बनाना, थोड़ा चुनौतीपूर्ण था, लेकिन मैं कहूंगा कि जब हम इस स्तर पर खेलते हैं तो हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और बहाने न बनाएं। वेस्टइंडीज के खिलाफ अय्यर का शतक T20I में किसी भारतीय द्वारा लगाया गया सबसे तेज शतक था। इसके साथ ही वह रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव के बाद सबसे छोटे फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए।
पांचों मैच जीतने का है लक्ष्य
भारत के सीरीज़ में 1-0 की बढ़त हासिल करने के बारे में कहा, अय्यर ने कहा कि टीम तात्कालिक लक्ष्य अपनी लय बनाए रखना और सीरीज जीतना है। उन्होंने कहा,'अगर हम सीरीज जीतते हैं तो मुझे बहुत खुशी होगी। जाहिर है कि हमने शानदार शुरुआत की है, और अगर हम आगे के चार मैचों में जीत के साथ सीरीज खत्म करें फिलहाल हमारा मुख्य लक्ष्य यही है।'
